लोगों ने दोषी ठेकेदार पर कड़ी कार्यवाही और मृतक के परिवार को मुआवजे देने की मांग की है।
राजिम :- अभनपुर विधानसभा क्षेत्र की कोलियारी-पारागांव महानदी तटबंध निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे 16 वर्षीय हर्ष साहू की काम के दौरान मौत हो गई। भीषण गर्मी में बिना सुरक्षा उपकरण और मेडिकल सुविधा के मजदूरों से काम कराया जा रहा था, जिसने एक नाबालिग की जान ले ली। परिजनों का आरोप है कि करोड़ों के प्रोजेक्ट में ठेकेदार ने नियमों को ताक पर रखकर नाबालिग से मजदूरी कराई। तपती दोपहर में बिना पानी, छांव और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था के काम चल रहा था। हर्ष की तबीयत बिगड़ने पर भी समय पर इलाज नहीं मिला। सवाल उठ रहा है कि सरकारी प्रोजेक्ट में बाल श्रम कैसे कराया जा रहा था। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर मजदूरों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने श्रम विभाग और प्रशासन की निगरानी पर भी सवाल खड़े किए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। लोगों ने दोषी ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिवार को मुआवजे की मांग की है। गोबरा नवापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
