ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रुपेश साहू ने मंडल अध्यक्ष को भेंट किया गुलाब
राजिम— कोरोना वैक्सिन के नाम पर केंद्र सरकार द्वारा मचाए जा रहे लूट के विरोध में कांग्रेसियों ने अनोखा प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार द्वारा कोरोना से लड़ने हेतु अधिकृत की गई वैक्सिन कम्पनी ने अपना प्रति डोज का शुल्क जारी किया है,जिसमें काफी अंतर हैं। इसके विरोध में फिंगेश्वर राजिम ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रुपेश साहू ने भाजपा राजिम मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष कमल सिन्हा के निवास में पहुंचकर उन्हें गुलाब भेंट किया।
श्री साहू ने मीडिया से चर्चा में कहा कि एक ओर छत्तीसगढ़ सरकार जहां प्रदेशवासियों को मुफ्त में कोरोना टीका लगाने का ऐलान कर चुकी, वहीं केंद्र की मोदी सरकार वैक्सिन के नाम पर जनता को लूट रही हैं। कोरोना से लड़ने के लिए वैक्सिन की जो दरें निर्धारित की गई है, उसके मुताबिक कोवाक्सिन मोदी सरकार को 150 रुपए, राज्य सरकार को 600 रुपए और प्राइवेट अस्पतालों को 1200 रुपए में उपलब्ध करा रही हैं। इसी तरह कोविशिल्ड वैक्सिन भी मोदी सरकार के लिए 150 रुपए, राज्य सरकार के लिए 400 रुपए और प्राइवेट अस्पतालों के लिए 600 रुपए निर्धारित हैं। वैक्सिन की जारी दरें सरासर लूट है, इसे आपदा में अवसर ही नहीं अपितु आपदा में मोदी सरकार का व्यापार है, यह जनता पर पड़ने वाला भयंकर बोझ है। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रूपेश साहू ने कहा कि दवाओं के मूल्य नियंत्रण प्रावधानों के तहत वैक्सीन की न्यूनतम दरें केंद्र सरकार निर्धारित कर सकती है। जिसके लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा केंद्र सरकार को दो बार पत्र भी लिखा जा चुका है। इसके बाद भी केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार हिटलर शाही रवैय्या अपनाई हुई है जिसके विरोध में हम लोगों द्वारा भाजपा नेताओं के निवास पर पहुंचकर गुलाब का फूल भेंट कर रहे हैं।
उक्त अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष रूपेश साहू के साथ अधिवक्ता एवं कांग्रेस नेता रामनरायण साहू पूर्व नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष अनिल अवसरिया कांग्रेस नेता विक्रम सोनी युवा कांग्रेसी जगमोहन यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
