सास द्वारा की गई दामाद को बचाने की कोशिश।
सुरेन्द्र मिनोचा
बैकुंठपुर/पटना(कोरिया) :- जिले की पटना पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल यह पूरा मामला थाना पटना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टेंगनी का है,जहां एक व्यक्ति ने अपने दामाद को चोर बोल दिया,जिसकी कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।उपरोक्त संबंध में पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संतलाल पिता स्व. मोहन, जाति गोड़, उम्र 50 वर्ष, निवासी टेंगनी, थाना पटना, जिला कोरिया की मृत्यु की सूचना पर थाना पटना द्वारा मर्ग कमांक 11/2024 धारा 174 दर्ज कर शव का पंचनामा करवाया गया।जांच पर हत्या किया जाना प्रमाणित पाये जाने पर उक्त घटना की जानकारी से पुलिस अधीक्षक कोरिया को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक कोरिया द्वारा तत्काल आवश्यक कार्यवाही कर आरोपी के पड़ताल एवं गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
जिस पर पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देशन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बैकुंठपुर के मार्गदर्शन में थाना पटना के अप. कमांक 51/2024 धारा 302 भा.द.वि. का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की पतासाजी की गई। पुलिस को जांच में यह पता चला कि मृतक का अपने दामाद पवन से वाद विवाद हुआ था।पूछताछ में मृतक की पत्नी धनमेत बाई द्वारा अपने दामाद को बचाने का काफी प्रयास किया गया, किन्तु आरोपी पवन के साथी योगेश द्वारा पुलिस को जो जानकारी दी गई ,उसके उपरांत आरोपी पवन कुमार अपने द्वारा बनायी गयी झूठी कहानी मे उलझ कर पुलिस द्वारा चतुराई से पूछे गये प्रश्नों पर घटना की वास्तविकता बताने को विवश हो गया।
पूरे मामले का घटनाक्रम कुछ इस प्रकार रहा कि दिनांक 01.03.2024 को शाम 4 से 5 बजे के मध्य ग्राम टेंगनी जूनापारा निवासी, धनमेत बाई पति संतलाल (मृतक) के घर उनका दामाद पवन कुमार अपनी बेटी के पसनी कार्यकम का न्योता देने गया था। मृतक संतलाल द्वारा पूर्व में अपने दामाद पवन को घर की लकड़ी को बिना बताये अपने घर चोरी कर ले जाने का आरोप लगाकर भगा दिया गया था। घटना दिनांक को पवन को पुनः देखने पर संतलाल ने कहा कि फिर लकड़ी चोर आ गया। जिस पर पवन आवेश में आकर अपने ससुर संतलाल से झगड़ा करने लगा, सास के द्वारा मना करने पर पवन ने सास को घर से बाहर निकालकर घर का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और घर के अन्दर रखे टूटे खाट के प्लास्टिक नेवाड़ को निकालकर संतलाल के गले मे लपेट कर खींच कर उसकी हत्या कर दी और मौके से भाग गया। घटना कारित करने के उपरांत पकड़े जाने से बचने के लिए पवन अपने साथ आये दोस्त योगेश को साथ में ले जाकर तालाब में पहले नहाया और बडसरा के मंदिर में नारियल चढाकर भगवान से बचने का प्रार्थना किया।आरोपी पवन कुमार पिता स्व. राम सिंह, उम्र 24 वर्ष, सा. ग्राम झंझरीपारा बडसरा, थाना भैयाथान, जिला सूरजपुर (छ.ग.)को प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
प्रकरण को सुलझाने में थाना प्रभारी पटना नि. शीतल सिदार, स.उ.नि. लवांग सिंह, प्र.आर. अमित त्रिपाठी, आर. मनोज मिंज, आर. अमल कुजूर की अहम भूमिका रही।
