आवले का जूस शरीर के लिए काफी फायदेमंद होता है।

आयुर्वेद में आंवले को अमृतफल माना गया है। यह औषधीय गुणों से भरपूर होता है। इसमें विटामिन सी और फाइबर की मात्रा अधिक होती है। आयुर्वेद में कई बीमारियों का इलाज करने के लिए आंवले का उपयोग औषधि के रूप में किया जाता है। आपको बता दें कि इसकी तासीर ठंडी होती है, इसलिए पित्त से जुड़े रोगों में यह कारगर साबित होता है। कई लोग आंवले को फल के तौर पर खाते हैं। वहीं, कई लोग आंवले को पाउडर, जूस या फिर मुरब्बे के रूप में भी खाते हैं।

आंवला जूस में फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम और आयरन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा, इसमें विटामिन सी और विटामिन बी कॉम्प्लेक्स भी होते हैं।

आंवला जूस पीने के फायदे-

  • आंवला जूस में विटामिन सी होता है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। इस जूस को पीने से इंफेक्शन और बैक्टीरिया से लड़ने में मदद मिलती है।
  • रोजाना आंवला जूस पीने से मौसमी बीमारियों जैसे सर्दी-जुकाम और खांसी से बचा जा सकता है।
  • आंवला जूस में फाइबर की मात्रा काफी अधिक होती है। यह पाचन क्रिया में सुधार करता है और पेट से जुड़ी समस्याओं को ठीक करता है। रोजाना आंवला जूस का सेवन करने से गैस, अपच और कब्ज से छुटकारा मिल सकता है।
  • आंवला जूस की तासीर बेहद ठंडी होती है। इसलिए गर्मियों में इस जूस का सेवन करना काफी फायदेमंद होता है। आंवला जूस पेट की जलन को शांत करने में मदद करता है।
  • आंवला जूस में एंटीऑक्सीडेंट्स अधिक मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं। आंवला जूस हार्ट हेल्थ में सुधार करता है। इस जूस को पीने से कोलेस्ट्रॉल कम हो सकता है। आंवला जूस आंखों को भी स्वस्थ रखता है।
  • अगर आप डायबिटीज रोगी हैं, तो आपके लिए आंवला जूस पीना काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसमें एंटी-डायबिटीज गुण होते हैं, जो शुगर लेवल को कम करने में मदद करते हैं।
  • इतना ही नहीं, आंवला जूस पीने से त्वचा और बालों को भी हेल्दी बनाए रखने में मदद मिलती है। आंवला जूस त्वचा के दाग-धब्बों को मिटाता है। यह त्वचा में निखार लाने में भी सहायक होता है।