ग्रामीण कर रहे काम की मांग, विभाग नही दे रहा ध्यान

ग्रामीण कर रहे काम की मांग, विभाग नही दे रहा ध्यान

जामगांव(फिंगेश्वर):- इन दिनों अंचल के ग्रामीण क्षेत्रों में काम की भयंकर मारामारी है,काम नही मिलने के कारण लोगो को मजबूरन दूसरे जिलों एवं प्रदेशों में पलायन करना पड़ता है,वैसे भी कोरोना महामारी के चलते पिछले वर्ष हुवे लॉक डाउन के समय बाहर काम मे गये हुवे मजदूर मुश्किल से अपनी घर वापस आये थे उनके वापस आते ही शासन के द्वारा उन्हें उनकी रोजी रोटी व जीवन यापन हेतु महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत काम देकर कुछ हद तक राहत प्रदान की गई थी,किन्तु अब ग्रामीणों के द्वारा काम की माँग किये जाने के बावजूद भी विभागीय अधिकारियों के सुस्त रवैये के चलते लोगो को काम के लाले पड़े हुवे है,ज्ञात हो कि ग्रामीण क्षेत्रों में केंद्र सरकार के द्वारा अकुशल श्रमिकों के लिये महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी जैसी महत्वपूर्ण योजना चलाई जाती है जिसके अंतर्गत पात्र परिवारों को केंद्र सरकार के द्वारा 100 दिन व राज्य सरकार के द्वारा 50 दिन कुल 150 दिन का रोजगार दिया जाता है, जिसके कारण काफी हद तक मजदूरों के अन्य प्रदेशों की ओर पलायन रुका है।इसी तारतम्य में ग्राम पंचायत सरकड़ा,बिडोरा, बोरिद आदि गाँव के लोगो ने बताया कि उनके गांव में पिछले 2 माह से रोजगार गारंटी का काम बंद है,लोगो के सामने काम की तंगी चल रही है जिसके कारण गरीब मजदूरों के सामने भुखमरी जैसी भयंकर समस्या उत्पन्न हो सकती है,इसलिए यथाशीघ्र रोजगार गारंटी का काम चालू किया जाये जिससे पलायन और भुखमरी जैसी समस्या से निजात पाया जा सके।

इस विषय में ग्राम पंचायत सरकड़ा के वार्ड नं.07 के पंच नीरज शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत के द्वारा विगत 2 माह के पूर्व ही गाँव मे मनरेगा के तहत कार्य प्रारंभ करवाने हेतु प्रस्ताव पारित किया जा चुका है जिसमे नया तालाब निर्माण, नया डबरी निर्माण,पुराना डबरी गहरीकरण एवं धरसा निर्माण कार्य है,कार्य की स्वीकृति एवं कार्यादेश आते ही तत्काल प्रभाव से प्रारंभ करवाया जायेगा।

इस संबन्ध में ग्राम पंचायत के सचिव चेतन साहू से बात करने पर उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के द्वारा प्रस्ताव पारित कर रोजगार सहायक के माध्यम से मनरेगा कार्यालय में जमा करवा दिया गया है,कार्यालय में पता करने पर बताया गया की अभी तक स्वीकृति नहीं हुई है।

मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी जनपद पंचायत फिंगेश्वर कपिल नायक जी से बात करने पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा नये वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिये मनरेगा के मजदूरी दर में वृद्धि कर 193/-प्रति मानव दिवस प्रति व्यक्ति कर दिया गया है,इसलिए सॉफ्टवेयर में अपडेट कार्य चल रहा है, 1 सप्ताह के अंदर कार्य चालू कर दिया जायेगा।