सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़ :- मौका था कृष्ण-जन्माष्टमी का और स्थान मनेंद्रगढ का प्रसिद्ध व अग्रणी दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल।भक्ति और उत्साह से सराबोर छात्र- छात्राओं ने अपने कला की विभिन्न विधाओं के माध्यम से इस उत्सव में कोई कसर नही रख छोड़ा।विद्यालय के प्राचार्य डॉ० बसंत कुमार तिवारी द्वारा बाल- के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माखन भोग के साथ कृष्ण-पूजन कर उत्सव का शुभारंभ किया गया।

पूजन में विद्यालय की निदेशिका पूनम सिंह, सभी शिक्षकगण तथा छात्र-छात्राओं की भी सहभागिता रही।बाल-गोपाल को झूला झुलाया जाना आकर्षण के केंद्र में रहा।विद्यालय के प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बालक- बालिकाओं ने नटखट नंद गोपाल तथा राधा रानी की वेशसज्जा में अपनी प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार- चाँद लगा दिए।

इसके अलावा विभिन्न वर्गों के छात्र- छात्राओं द्वारा कृष्ण-भक्ति को केन्द्र में रखते हुए गायन एवं नृत्य जैसे कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।इस अवसर पर नौनिहालों द्वारा चित्रकला तथा बांसुरी द्वारा कृष्ण झूले के साज सज्जा को पूर्ण किया गया।

कार्यक्रम के समापन से पूर्व प्राचार्य डॉ० तिवारी ने अपने संभाषण में भगवान श्रीकृष्ण के पांच मुख्य चरित्र की चर्चा करते हुए उन्हें खुद के लिए अपनाये जाने को इस उत्सव का वास्तविक जीवन में औचित्य बताया।तत्पश्चात उमंग एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

