
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़ :- पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्पित राष्ट्रीय हरित वाहिनी (इको क्लब) एवं ग्रीन वैली के सदस्यों ने एमसीबी जिले के जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क कर राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में छात्र छात्राओं को जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा की उपस्थिति में पर्यावरण प्रतियोगिता के बारे में बताया गया। “एक पेड़ देश के नाम “थीम पर आधारित प्रतियोगिता के संबंध में ग्रीन वैली के वरिष्ठ सदस्य बसंत जयसवाल,राष्ट्रीय हरित वाहिनी से जुड़े एमसीबी जिले के जिला संयोजक सतीश उपाध्याय ,संजय गायकवाड, ग्रीन वैली के अध्यक्ष नरोत्तम शर्मा सतीश सिंह ने राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता के माध्यम से पर्यावरण गतिविधियों को संचालित करने के लिए शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्यो से संपर्क किया।ग्रीन वैली के सदस्यों ने छात्राओं को पर्यावरण प्रतियोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण हेतु प्रोत्साहित किया।

जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के द्वारा इस वर्ष दस हजार पौधों के रोपण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर प्राचार्य यू बी मिश्रा ,सत्येंद्र सिंह ,टी विजय गोपाल राव, राष्ट्रीय हरित वाहिनी इको क्लब के प्रभारी शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता 2023 के संबंध में जिला संयोजक उपाध्याय ने बताया कि यह प्रतियोगिता इको मित्र एप के द्वारा आयोजित की जाएगी,जिसको गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। सर्वप्रथम छात्र को इको मित्रम एप के द्वारा अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा एवं गमलों या गार्डन में बीजारोपण करते हुए एक फोटो अपलोड करनी है,जो इस प्रतियोगिता की थीम भी है। रजिस्ट्रेशन के पश्चात छात्र की क्लास के अनुरूप एक प्रश्न पत्र प्रकाशित होगा जिस को पूर्ण करते हुए छात्र अपना ई सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रतियोगिता को केंद्रीय स्तर पर भी विभिन्न संस्थानों द्वारा सपोर्ट किया गया है, जिसमें सीबीएसई उन्नत भारत ,एन एस एस. नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय ,बचपन स्कूल, विश्वविद्यालय, अनुदान आयोग एआईसीटीई इत्यादि हैं। प्रतियोगिता के प्रश्नपत्र का बिषय पेड़ ,पानी, पॉलिथीन, जल प्रबंधन ,जलवायु परिवर्तन इत्यादि रहेगा। यह प्रतियोगिता 21 अगस्त 2023 तक संचालित होगी एवं प्रतियोगिता का परिणाम 27 अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा।प्रतियोगिता स्कूल, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर के छात्रों के लिए रहेगी। पर्यावरण जन जागरूकता के तहत स्कूली छात्राओं को ग्रीन वैली के बसंत जयसवाल संजय गायकवाड ,नरोत्तम शर्मा, सतीश सिंह एवं सतीश उपाध्याय ने संबोधित किया।
