दीपोत्सव पर हजारों लोगों का जुटा जनसैलाब, सांसद रूपकुमारी चौधरी ने आयोजन की सराहना कर बताया सामाजिक सद्भाव की मिसाल

बसना महासमुन्द – प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के निज निवास ‘नीलांचल भवन’ में भव्य समरसता भोज एवं दीपोत्सव मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रभर से हजारों की संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन शामिल हुए। महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी की विशेष उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि जीवन से अंधकार, कटुता और भेदभाव मिटाकर प्रेम, सद्भाव एवं सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का संदेश देती है। समरसता भोज का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को एक सूत्र में जोड़ना और आपसी भाईचारे एवं अपनत्व की भावना को मजबूत करना है।

विधायक ने कहा कि जब समाज के सभी वर्गों के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं, तो ऊंच-नीच, जाति और वर्ग की दीवारें स्वतः कमजोर होती हैं। समरसता ही मजबूत समाज की पहचान है। नीलांचल भवन में आयोजित यह आयोजन बसना परिवार की एकजुटता, परस्पर विश्वास और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बसना विधानसभा का समग्र विकास तभी सार्थक होगा, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने की आयोजन की सराहना

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने समरसता भोज की सराहना करते हुए कहा कि दीपावली जैसे पवित्र पर्व पर इस प्रकार के आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल जनसेवा के प्रति समर्पित रहते हुए क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को अपने परिवार का हिस्सा मानकर कार्य करते हैं। नीलांचल भवन में आयोजित यह समरसता भोज सामाजिक एकजुटता, स्नेह और परस्पर सम्मान का उत्कृष्ट उदाहरण है।