
राजिम :- राज्य स्तरीय स्काउट गाइड रोवर रेंजर एडवेंचर कैंप “पर्वतारोहण व्यक्तित्व विकास एवं आपदा प्रबंधन” में शामिल होने गरियाबंद की स्काउट गाइड पचमढ़ी पहुंच चुकी है। इस टीम में शासकीय राम विशाल पांडे उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल राजिम के भी 2 विद्यार्थी पायल साहू एवं अयान अली शामिल है। 15 जून 2023 से ही वे प्रतिदिन नई-नई चुनौतियों का सामना करने सीख रहे हैं।

कभी भी ऊंचे नीचे चट्टानों पर रास्ता बनाते हुए गुजरते हैं तो कभी ऊंची पहाड़ियां चढ रहे हैं। दो पेड़ से बंधे रस्सी पर चलना, ऊंचे पेड़ पर रस्सी के बनी सीढी से उतरना और चढ़ना सीख रहे हैं। यद्यपि यह सब करने में भी बच्चों के लिए काफी खतरा है लेकिन यह सब वे पूरे सुरक्षा इंतजाम के साथ एवं प्रशिक्षित प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में कर रहे हैं।

यह सब सीख कर यह बच्चे किसी भी प्रकार के आपदा बाढ़ या तूफान में लोगों की मदद करने में सक्षम होंगे। प्राचार्य संजय एक्का प्रतिदिन बच्चों की कुशलता की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इस प्रकार की साहसिक गतिविधियां यह बच्चे 19 जून तक सीखेंगे एवं 20 जून को वे वापस आ जाएंगे।
