अरबी के पत्तों का इस्तेमाल आयुर्वेदिक औषधि के रूप में किया जा रहा है।

राजिम :- अरबी की सब्जी लोग बहुत चाव से खाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी अरबी के पत्तों का सेवन किया है। अरबी पत्ते से तैयार व्यंजन न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए वरदान समान माने जाते हैं। यही वजह है कि सालों से अरबी के पत्तों का इस्तेमाल आयुर्वेदिक औषधि के रूप में किया जा रहा है।

अरबी के पत्ते के फायदे – अरबी के पत्ते के फायदे से ज्यादातर लोग वाकिफ नहीं है। यहां हम अरबी पत्ते खाने के फायदों से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं। इन्हें जानकर आप अरबी के पत्तों को अपने आहार में शामिल करने से खुद को रोक नहीं पाएंगे।

आंखों के लिए –  बेनेफिट्स ऑफ अरबी लीव्स में सबसे पहले आंखो के लिए अरबी के पत्तों के फायदे के बारे में बात करेंगे। एक शोध में साफ तौर से इस बात का जिक्र मिलता है कि अरबी के पत्तों में बीटा-कैरोटीन पाया जाता है, जो शरीर में विटामिन-ए के रूप में परिवर्तित होता है। यह उम्र बढ़ने के साथ होने वाली आंखों से संबंधित परेशानियों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है । ऐसे में माना जा सकता है कि आंखों को स्वस्थ रखने के लिए अरबी के पत्तों के फायदे हासिल किए जा सकते हैं।

कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने के लिए – अरबी के पत्ते खाने के फायदे कोलेस्ट्रॉल संबंधी समस्या में भी देखे जा सकते हैं। पशुओं पर किए गए एक शोध में कोलेस्ट्रोल को नियंत्रित करने के लिए इसका सकारात्मक प्रभाव देखा गया। इसके अलावा, शोध में यह भी बताया गया है कि अरबी के सूखे पत्ते के चूर्ण का सेवन लिपिड प्रोफाइल को ठीक करने में मदद कर सकता है । इस आधार पर माना जा सकता है कि कोलेस्ट्रॉल नियंत्रण में अरबी के पत्ते सहायक हो सकते हैं।

हृदय स्वास्थ्य के लिए – हृदय को स्वस्थ रखने में भी अरबी के पत्ते के फायदे देखे जा सकते हैं। दरअसल, अरबी के पत्ते में फाइबर की मात्रा मौजूद होती है । एनसीबीआई पर प्रकाशित एक शोध की मानें, तो फाइबर युक्त आहार के सेवन से हृदय रोग के जोखिम से बचा जा सकता है । वहीं, एक अन्य शोध में बताया गया है कि अरबी के पत्तों और ड्रैगन फ्रूट से तैयार पाउडर का सेवन करने से हृदय रोग के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

एनीमिया में लाभकारी – अरबी के पत्तों के फायदे एनीमिया में भी देखे जा सकते हैं। एनीमिया एक चिकित्सकीय स्थिति है, जिसमें हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य से कम हो जाता है। शरीर में आयरन की कमी इसके मुख्य कारणों में से एक है । वहीं, अरबी का पत्ता आयरन से समृद्ध होता है । इसी संबंध में एनीमिया से पीड़ित चूहों पर एक शोध किया गया। शोध में चूहों के आहार में अरबी के पत्तों को शामिल करने से एनीमिया के लक्षण में काफी सुधार देखने को मिला । इसके पीछे अरबी के पत्तों में मौजूद आयरन का प्रभाव माना जा सकता है।

उच्च रक्तचाप में मददगार – अरबी के पत्ते के गुण कई सारे हैं। इस पर हुए एक शोध में बताया गया है कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में उच्च रक्तचाप के इलाज के लिए अरबी के पत्तों का उपयोग सालों से किया जा रहै है । वहीं, एक अन्य शोध के अनुसार, अरबी के पत्ते में एंटीहाइपरटेंसिव गुण मौजूद होता है, जो उच्च रक्तचाप के स्तर को काफी हद तक नियंत्रित करने में सहायक हो सकता है । ऐसे में अरबी के पत्तों के फायदे उच्च रक्तचाप की समस्या से निजात पाने में भी देखे जा सकते हैं।

पाचन तंत्र में लाभकारी –पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने के लिए अरबी के पत्तों का सेवन गुणकारी हो सकता है। दरअसल, अरबी के पत्तों में फाइबर प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होता है । वहीं, फाइबर मुख्य रूप से पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक माना जाता है । साथ ही फाइबर पाचन शक्ति को मजबूत बनाने के साथ-साथ कब्ज जैसी समस्या को रोकने में भी मदद कर सकता है । ऐसे में अरबी के पत्ते के गुण पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने के लिए मददगार हो सकते हैं।

प्रेगनेंसी में सहायक – अरबी के पत्ते के गुण प्रेगनेंसी में होने वाली परेशानियों में भी सहायक हो सकते हैं। एक अध्ययन की मानें, तो प्रसव के दौरान होने वाली कठिनाइयों से राहत पाने के लिए अरबी के पत्तों को उबालकर खाने की बात कही गई है । वहीं, ये भी बता दें कि अरबी का पत्ता फोलेट से समृद्ध होता है । कई बार गर्भावस्था के दौरान फोलेट की कमी के कारण एनीमिया की समस्या हो सकती है । ऐसे में गर्भावस्था के दौरान एनीमिया की समस्या से बचने के लिए अरबी का पत्ता लाभकारी हो सकता है।

वजन नियंत्रण में सहायक – अरबी के पत्ते खाने के फायदे में वजन नियंत्रण भी शामिल है। अरबी के पत्ते में फाइबर की मात्रा मौजूद होती है । फाइबर के सेवन से भूख कम लगती है और शरीर में ऊर्जा भी बनी रहती है। इसलिए अरबी के पत्ते का सेवन वजन को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है । ऐसे में जो लोग मोटापे की समस्या से परेशान हैं उनके लिए भोजन में फाइबर युक्त अरबी को शामिल करना लाभकारी साबित हो सकता है।


त्वचा स्वास्थ के लिए – अरबी के पत्ते खाने के फायदे त्वचा से जुड़ी समस्याओं में भी देखे जा सकते हैं। दरअसल, अरबी के पत्तों के जूस में विटामिन ए के साथ बीटा-कैरोटीन और क्रिप्टोक्सैन्थिन नामक यौगिक मौजूद होते हैं, जो त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने के लिए लाभकारी माने जा सकते हैं । ऐसे में माना जा सकता है कि त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में अरबी के पत्ते अहम भूमिका निभा सकते हैं।

बालों के लिए – अरबी के पत्ते में एंटी फंगल प्रभाव मौजूद होता है । बालों में डैंड्रफ की समस्या भी मलेसेजिया नामक फंगसके कारण होती है । ऐसे में एंटी फंगल समृद्ध अरबी के पत्ते डैंड्रफ से राहत प्रदान कर सकते हैं। एक अन्य शोध की मानें, तो अरबी के कंद के जूस का उपयोग एलोपेसिया यानी बाल झड़ने की समस्या से राहत पाने के लिए किया जा सकता है । ऐसे में मान सकते हैं कि बालों के लिए अरबी के पत्ते लाभकारी सिद्ध हो सकते हैं।

अरबी के पत्ते का उपयोग – अरबी के पत्ते का उपयोग कई तरीकों से किया जा सकता है, लेकिन ध्यान रहे कि अरुई के पत्ता का सेवन अच्छे से पकाकर ही करें। आइए जानते हैं अरबी पत्ता के उपयोग के बारे में।

  • अरबी के पत्ते के पकोड़े बनाकर सेवन कर सकते हैं।
  • अरबी के पत्ते की सब्जी भी बनाई जा सकती है।
  • अरबी के पत्ते के रस का उपयोग बिच्छू या सांप के काटने पर लगाया जाता है ।
  • कुछ लोग अरबी के पत्ते की चटनी बनाकर भी सेवन करते हैं।
  • हृदय रोग से बचने के लिए अरबी के पत्तों और ड्रैगन फ्रूट का पाउडर बनाकर सेवन करने की सलाह दी जाती है।
  • बेसन के साथ अरुई का पत्ता मिलाकर भजिया बना सकते हैं।

अरबी के पत्ते के नुकसान – अरबी पत्ता के फायदे को जानने के बाद अब अरबी के पत्ते के नुकसान के बारे में जान लेते हैं।

  • अरबी के पत्तों में ऑक्सालिक एसिड होता है । ऑक्सालिक एसिड का सेवन अधिक मात्रा में करने से पथरी की समस्या हो सकती है ।
  • अरबी के पत्ते का कच्चा सेवन जहरीला हो सकता है। इसमें कैल्शियम ऑक्सालेट मौजूद होता है, जिसे पकाते समय नष्ट किया जाना चाहिए ।
  • अरबी के पत्ते का कच्चा सेवन करने से मुंह में खुजली, जलन, दर्द या फिर जीभ और होंठों में सूजन, अत्यधिक लार, उल्टी आदि समस्या हो सकती है ।