बिलासपुर :- बिलासपुर भरनी- केन्द्रीय विद्यालय कें.रि.पु.बल समूह केंद्र बिलासपुर में आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में बाल खेलकूद उत्सव 2023 का आयोजन 25 अप्रैल से 27 अप्रैल 2023 तक अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। केन्द्रीय विद्यालय संगठन के गरिमानुकूल प्रस्तावित खेलकूद महोत्सव में बालक- बालिकाओं की सम्यक् सहभागिता सुनिश्चित करते हुए बाह्य एवं अन्तः खेल विधाओं का सम्यक् संचालन हुआ। इस मुख्य उत्सव का उद्घाटन 25 अप्रैल को मुख्य अतिथि श्री राम विलास गुप्ता कमांडेण्ट कें. रि.पु.बल समूह केन्द्र, बिलासपुर, प्राचार्य जे. के. खाखा एवं विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के साक्ष्य में परिसर स्थित परेड ग्राउण्ड में सम्पन हुआ। इस त्रिदिवसीय खेल उत्सव में माध्यमिक संकाय मे 100 मीटर दौड़ बालक/बालिका , 400 बाधा दौड़ बालक/बालिका, ऊँचीकूद बालक/बालिका, खो-खो बालक/बालिका, कबड्डी बालक/बालिका, शतरंज एवं बैडमिंटन बालक/बालिका तथा प्राथमिक संकाय में लूडो, कैरम बोर्ड,” 50 मीटर दौड़, लेमन स्पून दौड़, सैक दौड़ बालक एवं बालिका का स्तरानुकूल खेल का आयोजन किया गया। 27/04/2023 को समापन समारोह के मुख्य अतिथि लक्ष्मीनारायण मिश्र, पुलिस उप महानिरीक्षक समूह केन्द्र, बिलासपुर सह अध्यक्ष विद्यालय प्रबंध समिति कें. वि. कें. रि.पु. बल, बिलासपुर एवं प्राचार्य जे. के. खाखा, वरिष्ठ शिक्षक श्री कुमार कन्हैया, जितेन्द्र झा, भूपेन्द्र श्रीवास्तव, आदित्य शुक्ला- केवरा पटेल, शालिनी सक्सेना, स्वाति झा, इप्सा जैन, गिरिधारी लाल साहू, दीपक कुमार, द्रौपदी साहू, रागिनी पटेल, सत्या कौशिक, कंचन, साक्षी चौबे तथा अन्य की उपस्थिति में एवं उपरोक्त सभी शिक्षक- शिक्षिकाओं के अथक, अहर्निश उत्साहवर्धक सत् प्रतिशत प्रयास से सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि, प्राचार्य एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति में मुख्य अतिथि के करकमलों से विजेता प्रतिभागियों को स्तरानुकूल स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक पहनाकर, शील्ड आदि प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही साथ खेल कूद में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में आगे आने की प्रेरणा देते हुए सभी को आशीर्वचन प्रदान किए। तत्पश्चात छात्र-छात्राओं को मुख्य-अतिथि द्वारा मिष्ठान आदि वितरित करके इस खेल महोत्सव का समापन किया गया।
