
सुरेन्द्र मिनोचा:
मनेंद्रगढ़:- एमसीबी जिला मुख्यालय नगर पालिका मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में राजीव गांधी आश्रय झुग्गी झोपड़ी योजना के तहत पट्टे वितरण को लेकर राजस्व विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सैकड़ो हितग्राहियों से चालान के माध्यम से राशि जमा कराने के बाद भी हितग्राहियों को जमीन का पट्टा नहीं दिया जा रहा है। जिसके कारण हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। नगर पालिका क्षेत्र के पार्षदों द्वारा विगत 2020 से राजस्व विभाग को लगातार पत्र के माध्यम से ध्यानाकर्षण कराया जा रहा है, मगर राजस्व विभाग द्वारा हर बार कोई नया बहाना बनाते हुवे इनकी मांगों को दरकिनार किया जा रहा है। जिससे नाराज पार्षदों ने अब आमरण अनशन करने का मन बना लिया है और मनेन्द्रगढ़ एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर अग्रिम जानकारी दी है।

बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक राजीव गांधी आश्रय योजना के नाम पर सैकड़ों गरीब हितग्राहियों की राशि जमा करा ली गई. इसमें कई ऐसे हितग्राही हैं जिन्होंने अपने पार्षद के द्वारा चालान के माध्यम से राशि जमा कराई है।वहीं लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी जमीन का पट्टा न मिलने के कारण योजना का लाभ इन हितग्राहियों को नहीं मिल पा रहा है। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा गरीबो को उनका अशियाना दिलाने के लिए राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत झुग्गी झोपड़ी में निवास कर रहे गरीब परिवारों को 800 वर्ग फिट तक पट्टा वितरण कर मालिकाना हक देने का वादा किया गया था। उसका भी लाभ गरीब परिवार को नहीं मिल पा रहा है।जबकि इसके लिए नगर पालिका क्षेत्र के वार्डो में डोर टू डोर सर्वे का काम किया जा चुका है।अब देखना होगा कि राजस्व विभाग इस पर क्या कार्यवाही करता है।
