करबला तालाब पाटने का माकपा ने किया विरोध।

रायपुर :- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने रायपुर के ऐतिहासिक करबला तालाब को सौंदर्यीकरण के नाम पर पाटने का कड़ा विरोध करते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। माकपा के जिला सचिव प्रदीप गभने ने एक प्रेस वक्तव्य में यह जानकारी देते हुए कहा कि आज माकपा नेता धर्मराज महापात्र, प्रदीप गभने, मारुति डोंगरे, के के साहू के नेतृत्व में पार्टी के एक दल ने जिलाधीश से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। माकपा ने अपने ज्ञापन में जिलाधीश महोदय से शहर के ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने की बजाय स्मार्ट सिटी के नाम पर इस तालाब को पाटने पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार शहर के विभिन्न तालाबों को नष्ट करने पर तुली है जबकि शहर घटते जल स्तर और पेयजल तक के गहरे संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने इस पर रोक लगाने की मांग की । जिलाधीश महोदय ने माकपा नेताओं को जानकारी दी कि इस पर रोक लगा दी गई है और अभी वहां मिट्टी की सफाई का काम चल रहा है। माकपा ने सभी नागरिक समाज के संगठनों को शहर के किसी भी तालाब के साथ ऐसी कार्यवाही पर इसका कड़ा प्रतिकार किए जाने की चेतावनी दी।