नवीन शासकीय महाविद्यालय मैनपुर में प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित

विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा, लोकतंत्र और मतदान के महत्व की दी गई जानकारी

गरियाबंद – नवीन शासकीय महाविद्यालय मैनपुर में आज निर्वाचन साक्षरता क्लब (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता जागरूकता और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति समझ विकसित करना था। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 24 विद्यार्थियों तथा निबंध प्रतियोगिता में 14 विद्यार्थियों ने सहभागिता निभाई। प्रश्नोत्तरी में लोकतंत्र, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान का अधिकार और मतदाता की भूमिका से संबंधित प्रश्न पूछे गए। वहीं निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने में जागरूक मतदाताओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी और एक जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जागरूक मतदाता बनने और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया।