170वीं वाहिनी सीआरपीएफ ने मनाया पुलिस स्मरण दिवस, शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

बीजापुर –     केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 170वीं वाहिनी में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मरण दिवस मनाया गया। वाहिनी मुख्यालय में कमांडेंट सरकार राजा रमन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई.

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले का मुकाबला करते हुए शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 वीर जवानों को याद किया गया.

कमांडेंट ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों का साहस और शौर्य सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्हीं के बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मरण दिवस मनाया जाता है इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी विनोद रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर नागर, उप कमांडेंट सुरेश नोटियाल सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जवानों ने देश के प्रति निष्ठा एवं कर्तव्यों का निर्वहन करने, छत्तीसगढ़ के ग्रामीणों एवं पिछड़े वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा नक्सलवाद, आतंकवाद और अन्य देशविरोधी गतिविधियों का दृढ़ता से मुकाबला करने का संकल्प लिया , साथ ही समाज में शांति, सामाजिक सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।