101 कन्याओं का पूजन कर कन्या संरक्षण का दिया गया संदेश

बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचने एचपीवी वैक्सीन लगाने की अपील

किशोरी बालिकाओं के लिए हेल्थ एंड वेल्बीइंग वर्कशॉप का आयोजन

महासमुंद – सेवा संकल्प अभियान के तहत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के उद्देश्य से महासमुंद के अम्बेडकर भवन में छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कन्या पूजन से कन्या संरक्षण तक का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थी। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, वरिष्ठ प्रतिनिधि जयंती भाई पटेल, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित अन्य अतिथियों ने 101 कन्याओं का पूजन कर उन्हें नवरात्रि के अवसर पर चुनरी भेंटकर पकवान परोसे। इस अवसर पर जागरूकता रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।मुख्य अतिथि बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर आज 101 बालिकाओं का कन्या पूजन कर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के उद्देश्य को चरितार्थ किया। किशोरी बालिका के लिए आज सर्वाइकल कैंसर एक बड़ी चुनौती है, आज विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा इससे बचने के उपाय एवं टीकाकरण की जानकारी दी जाएगी, जिसका पूरा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण आयोग बच्चों और बेटियों की सुरक्षा और विकास के लिए संकल्पित है।कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और राजकीय गीत का गायन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर सर्वाइकल कैंसर जागरूकता, नुक्कड नाटक के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपने सम्बोधन से बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचने एचपीवी वैक्सीन लगाने की अपील कर बच्चेदानी कैंसर, स्तन कैंसर मुख कैंसर से, नशा जैसे शराब, ड्रग्स, तम्बाकू और फास्ट फूड पिजा बर्गर से दूर रहने की जानकारी दी।इस अवसर पर अतिथियों ने इस कार्यक्रम में शामिल हुए सभी डॉक्टरों का सम्मान किया, वही 9वी से 12वी कक्षा के किशोरी कन्याओं को सुरक्षा किट और डायरी भेंट किया गया। इस अवसर पर बालको कैंसर हॉस्पिटल एवं अन्य हॉस्पिटल द्वारा कैंसर हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया था।कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य कुमारी भास्कर, छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग के सचिव बृजेन्द्र सिंह, डॉ यामिनी शुक्ला, डॉ गार्गी पांडेय, डॉ आकांक्षा साहू, डॉ इशिका जायसवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, मीडियाकर्मी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग टिक्वेन्द्र जाटवर सहित परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर एवं बड़ी संख्या में स्कूली किशोरी बालिकाएं उपस्थित थी।