पंचायत सचिव श्री  सिंह ने गरियाबंद जिले में विभिन्न जगहों का किया औचक निरीक्षण

पीएमजीएसवाई सड़क निर्माण की गुणवत्ता परखा, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई में स्व-सहायता समूह की महिलाओं का बढ़ाया उत्साह

गरियाबंद – छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत सचिव श्री भीम सिंह ने आज गरियाबंद जिला प्रवास के दौरान विभिन्न जगहों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत डामर सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव श्री भीम सिंह ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन डामर सड़क का जायजा लिया। उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का किया निरीक्षण –

पंचायत सचिव ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इकाई में प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन से संबंधित गतिविधियों और कार्य व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान इकाई में कार्यरत स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। ऐसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में मदद मिलती है। निरीक्षण के दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई में अभिलेख संधारण से संबंधित कुछ कमियां सामने आईं। इस पर पंचायत सचिव श्री भीम सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कमियों को दूर कर अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया, ताकि इकाई के कार्यों की नियमित निगरानी और समीक्षा प्रभावी ढंग से की जा सके।