सूरजगढ़ माइंस के भारी वाहनों के खिलाफ कांग्रेस का चक्काजाम

पखांजूर – सूरजगढ़ माइंस से निकलने वाले भारी वाहनों के संचालन के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक दिवसीय चक्काजाम और धरना प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बसंत यादव के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस का आरोप है कि सूरजगढ़ माइंस के भारी वाहनों के लगातार संचालन से क्षेत्र की सड़कों पर दबाव बढ़ रहा है और आम लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर कांग्रेस ने भारी वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर यह आंदोलन किया।पखांजूर के नेताजी चौक, पुराने बाजार में हुए प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से उनकी मांग पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।वहीं, आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि जब तक भारी वाहनों के संचालन से जुड़े मुद्दे का समाधान नहीं होता, तब तक इस मामले को लेकर उनकी आवाज आगे भी उठती रहेगी। अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस आंदोलन के बाद प्रशासन और शासन की ओर से क्या कदम उठाया जाता है।