नवापारा-राजिम – संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा रविवार को नवापारा-राजिम में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानव सेवा एवं जनकल्याण के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर संयोजक गांधी सचदेव के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।शिविर के दौरान कुल 90 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इसमें 75 भाइयों एवं 15 बहनों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का अनुकरणीय संदेश दिया। रक्तदाताओं में सेवा भावना और उत्साह देखने को मिला।संयोजक गांधी सचदेव ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। आयोजन की सभी ने सराहना की।
