महासमुंद – महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत मिशन वात्सल्य योजना के तहत विभिन्न संविदा पदों पर भर्ती प्रक्रिया में पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री टिक्वेन्द्र जटवार ने बताया कि जिला बाल संरक्षण इकाई महासमुंद में परामर्शदाता, बाल कल्याण समिति में सहायक सह कम्प्यूटर ऑपरेटर, तथा शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह महासमुंद में परामर्शदाता एवं सहायक सह रात्रि चौकीदार के रिक्त संविदा पदों के लिए 30 जून 2026 तक डाक के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
प्राप्त आवेदनों का चयन समिति द्वारा परीक्षण करने के बाद पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर प्रकाशित कर दी गई है। अभ्यर्थी सूची का अवलोकन महिला एवं बाल विकास विभाग, महासमुंद के सूचना पटल एवं जिला प्रशासन महासमुंद की आधिकारिक वेबसाइट पर कर सकते हैं।
यदि किसी अभ्यर्थी को पात्र-अपात्र सूची के संबंध में दावा या आपत्ति दर्ज करानी है, तो वह 10 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक स्वयं उपस्थित होकर अथवा स्पीड पोस्ट/पंजीकृत डाक के माध्यम से जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, महासमुंद के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाले दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग की संविदा भर्ती के लिए पात्र-अपात्र सूची जारी, 10 अगस्त तक करें दावा-आपत्ति
