महाशिवरात्रि पर प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत होगा जीवन नेत्रहीन भजन संध्या का आयोजन
किरंदुल — महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री राघव मंदिर, किरंदुल में 15 फरवरी को भगवान श्री लिंगेश्वर महादेव जी एवं श्री शिव परिवार की वैदिक मंत्रों से प्राण प्रतिष्ठा और मंदिर जिर्णोद्धार की विशेष पूजा-अर्चना तथा रात्रि में जीवन नेत्रहीन भजन संध्या, नवरंगपुर उड़ीसा दिव्यांगजनों की टीम का भव्य संगीतमय भजन संध्या के कार्यक्रम का आयोजन होगा । जीवन नेत्रहीन भजन संध्या नवरंगपुर उड़ीसा सम्माननीय दिव्यांगजनों की टीम का भव्य संगीतमय भजन संध्या श्री राम मंदिर में आयोजित होगी ।जिसके लिए बैलाडीला देवस्थान समिति ने नगर परिवार को सादर आमंत्रित किया है ।
किरंदुल स्थित श्री राघव मंदिर में 15 फरवरी को धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इस पावन अवसर पर भगवान श्री शिव परिवार एवं भगवान लिंगेश्वर महादेव जी की प्राण प्रतिष्ठा एवं जिर्णोद्धार का शुभ कार्य संपन्न किया जाएगा। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन, अभिषेक एवं विशेष आरती के साथ यह दिव्य अनुष्ठान विधिवत सम्पन्न होगा।
आयोजन मंदिर समिति के अनुसार मंदिर जिर्णोद्धार कार्य के अंतर्गत मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण एवं व्यवस्था सुदृढ़ीकरण का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर आध्यात्मिक वातावरण मिल सके।
इसी पावन दिन सायंकाल से रात्रि तक विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा रात्रि में जीवन नेत्रहीन भजन संध्या नवरंगपुर उड़ीसा के सम्माननीय दिव्यांगजनों की मंडली द्वारा संगीतमय भव्य भजन-कीर्तन एवं रात्रि जागरण कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
दिव्यांगजन अपनी मधुर वाणी और अटूट श्रद्धा से संपूर्ण वातावरण को भक्तिरस से सराबोर करेंगे।
यह आयोजन समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश देता है कि भक्ति और सेवा के मार्ग में कोई भी सीमा या बाधा मायने नहीं रखती। दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे ।मंदिर समिति द्वारा नगर के समस्त श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों से आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर संगीतमय भजन संध्या कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएं, दिव्यांगजनों को आशीर्वाद दें एवं उनका मनोबल ऊँचा करें। यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समावेश और आध्यात्मिक जागरण का भव्य उत्सव होगा ।
