शिवलिंग मिलने की खबर लगते ही दर्शन करने भक्तों का लगा तांता
मामला किरंदुल के वार्ड नं 17 श्रृंगार पुर कैम्प का
किरंदुल – किरंदुल नगर पालिका परिषद के वार्ड नं 17 के श्रृंगार पुर कैम्प में भव्य शिवलिंग और नंदी महाराज के मिलने की खबर ने लोह नगरी किरंदुल में आध्यात्मिक सनसनी फैला दी है । मोहल्ले वालों ने बताया कि जिस जगह पर घरों के कचरे को फेंका जाता है उस जगह पर दो दिन पहले जब कुछ घर वाले सुबह कचरा फेंकने गए तो उन्होंने देखा कि उस जगह पर विशालकाय शिवलिंग और नंदी महाराज की विशाल मूर्तियां रखी हुई है । देखते ही देखते खबर आग की तरह फैलती गई ।मोहल्ले वालों ने आननफानन में कचरे की सफाई करते हुए अगरबत्ती ,नारियल से शिवलिंग की पूजा की ।उल्लेखनीय हैं कि आगामी दिनों में महाशिवरात्रि पर्व का आगमन है और ऐसे समय में अनजान जगह पर भव्य नए शिवलिंग और नंदी महाराज का मिलना आश्चर्य का विषय है ।लोगों में यह भी चर्चा है कि कहीं किसी शिव भक्त ने मंदिर बनाने के उद्देश्य से शिवलिंग तो नहीं रखा ।तो वहीं कुछ भक्तों का कहना है कि भगवान खुद चलकर आये हैं ।
