नगर में नशीली दवाओं के रोकथाम हेतु सामूहिक सहभागिता जरूरी : निखिलकांत।

नपाध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई दवा विक्रेताओं की बैठक।

महासमुंद – शहर में नशीली दवाओं पर प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से आज नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता तथा ड्रग इंस्पेक्टर अखिलेश पांडे की उपस्थिति में शहर के मेडिकल दुकान संचालकों की बैठक पालिका में
आयोजित की गई। जिसमें शहर के समस्त मेडिकल दुकान संचालक शामिल हुए। बैठक के दौरान पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने मेडिकल दुकान संचालकों को शहर को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा नशीली दवाओं के रोकथाम के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। देखने में आ रहा है कि नशेड़ी प्रवृति के लोग नशे के लिए दवाइयों व इंजेक्शन आदि का उपयोग कर
रहे हैं। इसके चलते समाज के सभ्य नागरिकों को परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। नशे के आदी व्यक्ति नशा करने के लिए चोरी, लूटपाट व अन्य आपराधिक
गतिविधियों में शामिल रहते हैं। हम सभी को नगर के प्रति जो दायित्व है उसका निर्वहन करते हुए यह प्रयास करना है कि कहीं भी ऐसे व्यक्ति को नशीली दवाएं उपलब्ध न होने पाएं।
उन्होंने इस सामाजिक बुराई पर लगाम लगाने सभी दुकानदारों से सहयोग की अपील की। जिस पर सभी मेडिकल संचालकों ने हमेशा की तरह आगे भी नशा मुक्त महासमुंद बनाने की दिशा में सहयोग प्रदान करने की बात कही। श्री साहू ने बताया कि बैठक का उद्देश्य समाज में फैलते नशे के कारोबार पर मेडिकल
दुकान संचालकों के सहयोग से लगाम लगाना है। इस अवसर पर दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष विनोद चंद्राकर, सचिव अरशी अनवर, मनीष शुक्ला, नागेन्द्र भूषण नशीने, गगन अवसर, एजाज नकवी, परमानंद साहू, दिलीप कुमार, यश रजक, दिनेश
कुमार देवांगन, घनश्याम चंद्राकर, महेश देवांगन, सौरभ मालू, सुनील कुमार आदि उपस्थित थे।