रेड क्रॉस सदस्यता लेकर मानव सेवा को बढ़ावा दें: मनोज पटेल।

भूपेन्द्र सिन्हा 

छुरा :- इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी दुनिया की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित संस्था है, जिसका मुख्य उद्देश्य गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करना है। यह संस्था बिना किसी स्वार्थ के ब्लड बैंक के माध्यम से जरूरतमंदों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराती है, साथ ही मरीजों को आर्थिक सहायता, दुर्घटना आपदा के दौरान मदद और अन्य आवश्यक सामग्री भी प्रदान करती है। रेड क्रॉस सोसाइटी हर प्रकार से मानवता की सेवा में समर्पित है।जिला गरियाबंद के इंडियन रेड क्रॉस संरक्षक सदस्य समाजसेवी मनोज पटेल ने जिले के सभी लोगों से अपील की है कि वे इस संस्था से जुड़ें और इसे और भी मजबूत बनाएं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों की मदद की जा सके। उन्होंने कहा, “रेड क्रॉस में सदस्यता लेकर हम सभी मानव जीवन को सेवा कार्य में लगा सकते हैं। यह एक ऐसा मंच है जहां से आप न केवल दूसरों की सहायता करते हैं, बल्कि अपने भीतर मानवता का सच्चा स्वरूप भी महसूस कर सकते हैं।”मनोज पटेल ने विशेष रूप से युवाओं को इस अभियान से जुड़ने की अपील की, ताकि समाज में सेवा और सहायता का भाव मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस के माध्यम से जिले में कई राहत कार्य किए जा रहे हैं और आने वाले समय में इसे और विस्तारित किया जाएगा।अधिक सदस्यता से संस्था को और शक्ति मिलेगी, जिससे गरीब और असहाय लोगों तक मदद तेजी से पहुंचाई जा सकेगी। रेड क्रॉस के माध्यम से आप अपने सामाजिक कर्तव्यों को निभाते हुए जरूरतमंदों के जीवन में उम्मीद और राहत का संचार कर सकते हैं।