आरक्षण को लेकर भ्रम फैला रहा है विपक्षः रमेश साहू

प्रमोद दुबे 

महासमुंद । आरक्षण को लेकर भारत बंद को विपक्ष की गहरी साजिश करार देते हुए भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य तथा पूर्व व्यापारी प्रतिनिधि रमेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार द्वारा आरक्षण पूर्ववत ही है। प्रधानमंत्री के रहते आरक्षण व्यवस्था को कोई छू भी नहीं सकता। विपक्ष आरक्षण पर असत्य बोलकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। केंद्र की एनडीए सरकार ने यूपीएससी की लेटरल एंट्री भर्ती पर भी रोक लगा दी है। इसके लिए केंद्र ने यूपीएससी को पत्र लिखा है। लेटरल एंट्री पर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन का विरोध सिर्फ ढकोसला था। श्री साहू ने कहा कि जब तक आवश्यक है तब तक आरक्षण जारी रहेगा। भाजपा हमेशा से ही दलित, शोषित समाज के उत्थान के लिए कार्यरत है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को यदि आरक्षण समाप्त करना होता तो 10 साल पहले ही कर दिया होता। पिछले 10 साल से भी अधिक समय तक केंद्र में बहुमत की सरकार है। संविधान को लेकर भी कांग्रेस भ्रम फैलाती रही है। संविधान बदलने की ताकत इस देश की जनता ने 10 साल से दी है। भाजपा ने आरक्षण नहीं हटाया, बल्कि, देश के जनता ने जो विश्वास सरकार पर किया उसका उपयोग 370 हटाने, तीन तलाक हटाने, आतंकवाद समाप्त करने और सीए, लाने के लिए किया। कांग्रेस झूठ फैला रही है। इस देश से एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण कोई नहीं हटा सकता। ये मोदी की गारंटी है।