कहा निःशर्त रिहाई हो, अन्यथा लड़ी जाएगी सड़क से लेकर सदन और जंतर-मंतर तक की लड़ाई ।
प्रमोद दुबे
महासमुंद। बलौदाबाजार आगजनी कांड में कांग्रेसी विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को कांग्रेसियों ने भाजपा की बौखलाहट बताया है और कहा है कि 8 माह में साय सरकार अपनी नाकामी और पूरे प्रदेश में हुई बदनामी को छुपाने विपक्षी नेताओं को परेशान कर रही है। स्थानीय कांग्रेस भवन में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों और विधायकों ने कहा कि अंग्रेज हुकूमत में भी ऐसी तानाशाही नहीं हुई जो भाजपा सरकार के इन 8 माह में और खास तौर पर विपक्ष के नेताओं से की जा रही है। स्वयं के सूचना तंत्र की कमजोरी को स्वीकार करने की बजाय कांग्रेसी विधायक देवेंद्र यादव को 20 धाराओं में अपराध दर्ज कर एफआईआर की कॉपी तक मुहैय्या नहीं कराई जा रही। कांग्रेसियों ने इसकी निन्दा करते हुए सड़क से सदन तक की लड़ाई लड़ने की घोषणा की। कांग्रेसजनों ने कहा कि समाजजनों को जैतखाम क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना में सीबीआई जांच नहीं मिली। वहीं आंदोलन को समर्थन देने वाले भाजपा के नेताओं को तो नोटिस तक नहीं दिया गया। विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि छग में कानून व्यवस्था खराब हो गई है। भाजपा के बारे में राहुल गांधी का कहना बिलकुल सही है कि संविधान की नहीं बदले की भावना की सरकार हो गई है भाजपा। भाजपा के शासनकाल में महासमुंद के निर्दलीय विधायक को पीटा गया। पत्रकार भी सुरक्षित नहीं। डरी हुई भाजपा छोटे, छोटे मामलों में लोगों को फंसा रही है। भाजपाई दबाव के चलते चेंबर द्वारा भारत बंद को समर्थन नहीं मिला। विधायक चातुरी नंद ने कहा कि विधायक देवेंद्र यादव का एक समाज के साथ खड़ा होना गलत नहीं। हजारों की उपस्थिति के बावजूद 500 का बल लगाना संदेहास्पद है। घटना में उपस्थिति नही होने के बावजूद यादव पर एफआईआर की गई। सीएम साय ने सतनामी समाज का साथ नहीं दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर ने कहा कि साय सरकार केवल कांग्रेसी नेताओं को टारगेट कर रही है। हत्या जैसे मामलों में सीबीआई जांच होती है और जैतखाम क्षतिग्रस्त किए जाने जैसे मामले में माह भर बाद भी समाज को भाजपा और साय सरकार का साथ नहीं मिला। नपाध्यक्ष राशि महिलांग ने कहा कि जांच में कई बिंदु शामिल ही नहीं किए गए हैं। भड़काऊ भाषण देने वाले की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई, नागपुर से आए 250 से अधिक लोग कौन थे। अंत में कांग्रेसजनों ने विधायक देवेंद्र यादव के निःशर्त रिहाई की मांग करते हुए कहा कि 24 अगस्त को भाजपा की साय सरकार के विरोध में जिलास्तरीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर के साथ खाल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, सरायपाली विधायक चातुरी नंद, नपाध्यक्ष श्रीमती राशि त्रिभुवन महिलांग, सुनील शर्मा, संजय शमां, केशव चंद्राकर, गुरमीत चावला, निर्मल बरड़िया, कृष्णा चंद्राकर, सुनील चंद्राकर, प्रदीप चंद्राकर सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।
