प्रमोद दुबे
महासमुंद – भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक देवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का काम कर रही है। सरकार के 8 महीने के सफलतापूर्वक कार्यकाल से कांग्रेस के नेता बौखलाए हुए हैं। सरकार के खिलाफ उन्हें कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है इसलिए, कानून के दायरे में हो रही कार्रवाई पर भी सवाल खड़ा करते हुए बेबुनियाद और मनगढ़ंत आरोप कांग्रेस के नेता लगा रहे हैं। बलौदाबाजार मामले की जांच के बाद महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं, उसके बाद ही पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा विधायक देवेंद्र यादव को बार-बार नोटिस देने के बावजूद भी उन्होंने बयान दर्ज नहीं कराया। उन्होंने हाथ में संविधान लेकर पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। बात-बात पर संविधान हाथ में लेने वालों ने ही संविधान को तार-तार करने का काम किया है। कानून को ताक पर रखकर काम करने वाले कांग्रेसी आज निष्पक्ष कार्रवाई पर संविधान की दुहाई दे रहे हैं। चंद्राकर ने कहा कि बलौदाबाजार मामले में समाज के लोग सौहार्द्रपूर्ण तथा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने आए थे। जहां कुछ बाहरी लोगों सहित भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने भीड़ को उकसाया तथा वहां उपस्थितजनों को भड़काकर हिंसा फैलाने का कार्य किया। पुलिस जांच में इस बात की पुष्टि भी हो चुकी है।
