प्रमोद दुबे
महासमुंद – विशाल मेगा मार्ट परिसर के पास महा रुद्राभिषेक व हवन-पूजन कार्यक्रम में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। नगर व आसपास ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालुगण पहुंच रहे हैं। सावन मास के दूसरे सोमवार को महा रुद्राभिषेक व हवन-पूजन के साथ रुद्राक्ष वितरण भी किया गया। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार लगातार 9 वर्षों से श्रावण मास में महारूद्राभिषेक व हवन-पूजन का आयोजन कर रहे हैं। 22 जुलाई को श्रावण मास के प्रथम दिन से एक माह का महा रूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन प्रारंभ हुआ है। प्रतिदिन सुबह वेदी पूजा, महा रूद्राभिषेक, महामृत्युंजय फिर आरती होती है। प्रथम सत्र के पूजन के बाद रामायण मानस मंडली की प्रस्तुति होती है। फिर दूसरे सत्र का पूजन शाम 6 बजे से शुरू होता है। शाम में यज्ञ किया जाता है और आरती के साथ समापन होता है। सोमवार को हर साल की तरह श्रावण में रुद्राक्ष वितरण किया गया। अब 5, 12 और 19 अगस्त को रुद्राक्ष वितरण किया जाएगा।
