09 अगस्त को मनाएंगे कॉरपोरेट भारत छोड़ो दिवस।
राजिम – 15 जुलाई को भारतीय किसान यूनियन छत्तीसगढ़ राज्य कमेटी की ऑनलाइन बैठक की गई जिसमें 16, 17, 18 जुलाई को देशभर के सांसदों को मांगपत्र सौंपने के कार्यक्रम पर चर्चा हुई है। प्रदेश अध्यक्ष संजय पंत की अध्यक्षता व प्रदेश प्रभारी प्रवीण क्रांति के विशेष उपस्थिति में यह बैठक आयोजित की गई जिसका संचालन प्रदेश महासचिव तेजराम विद्रोही ने किया। 10 जुलाई को दिल्ली में एसकेएम की राष्ट्रीय बैठक में आगामी घोषणाओं के तहत उक्त तिथियों में देश के सभी सांसदों को किसान का मांगपत्र सौंपने का निर्णय लिया। उसी के परिपालन में निर्णय लिया गया कि यूनियन अपने कार्यक्षेत्र में एसकेएम के संगठनों के साथ समन्वय बनाते हुए सांसदों को मांगपत्र सौंपेगी।
प्रदेश महासचिव तेजराम विद्रोही ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली सीमाओं से वापसी से पहले केन्द्र सरकार ने एमएसपी की कानूनी गारंटी, आंदोलन के दौरान दर्ज केसों की वापसी, जनविरोधी नये बिजली कानून की वापसी, आंदोलन में शहीद किसानों के परिवारों को मुआवजा, पराली जलाने पर किसानों को सजा से मुक्ति का वायदा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। उन बाकी मांगों के अलावा संपूर्ण कर्जा माफी, किसान और खेतिहर मजदूर के लिए वृद्धावस्था पेंशन, किसान फसल बीमा, अग्निवीर योजना की वापसी, तीनों नये कानूनों की वापसी, जबरन भूमि-अधिग्रहण , वन अधिकार कानून के उल्लंघन जैसे तमाम तात्कालिक मांगों को मांगपत्र में शामिल किया गया है। इनके अलावा अलग से कृषि बजट बनाने, खेती को डब्ल्यू.टी. ओ. से बाहर लाने, मनरेगा मजदूरी 600 रूपये प्रतिदिन, चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने आदि नीतिगत मांगें भी मांगपत्र में शामिल हैं।
एसकेएम के घटक किसान संगठन मिलकर सभी लोकसभा एवं राज्यसभा सांसदों को 16 से 18 जुलाई को मांगपत्र सौंपकर सदन में किसानों की मांगों पर सदन में चर्चा करने और उन पर पुरजोर आवाज उठाने की अपील करेंगें। 09 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस व अंग्रेजों भारत छोड़ो दिवस को ” कॉरपोरेट भारत छोड़ो दिवस के रूप में मनाया जाएगा” ऑनलाइन बैठक में प्रदेश सहसचिव कमल कुशवाहा, बस्तर संभाग अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार, संगठन मंत्री सुभम सिंह, नारायणपुर जिला अध्यक्ष रुबजी सलाम, उत्तम कुमार, सोनारू मौर्य, सुनील, रमलू कोर्राम, सिद्धार्थ सहित दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर, गरियाबंद, दुर्ग, कोरबा, रायपुर, जिलों से सदस्यों ने भाग लिया अन्य जगहों से नेटवर्क समस्या के कारण सदस्य जुड़ नहीं पाए।
