छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर किया डंडे से वार।

अरेकेल की घटना, आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – बसना थाना अंतर्गत ग्राम अरेकेल में पुत्र ने अपने पिता को जान से मारने की धमकी दी। इसी प्रकार अंकोरी में खेत जुताई की बात पर छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर डंडे से वार कर उसे घायल कर दिया और ग्राम बेलटिकरी में भतीजे ने अपनी चाची पर टंगिया से जानलेवा हमला कर दिया। तीनों ही मामले में पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम अंकोरी में खेत जुताई की बात को लेकर छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर डंडे से वार कर दिया। डंडे के वार से सिर में चोटें आई है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। ग्राम अंकोरी निवासी हेमंत डड़सेना ने पुलिस को बताया 12 जून 2024 की शाम करीब 4:30 बजे वह अपने कमरे से सो कर उठा। उसी समय उसका छोटे भाई अक्षय डड़सेना और पिताजी नीलमणी डड़सेना, डोंगरीखार के खेत को ट्रेक्टर से जुतवाने की बात कर रहे थे, जिसे सुनकर हेमंत बोला कि इस साल डोंगरीखार के खेत को मैं जुताई करवाऊंगा। आप लोग बोर तरफ के खेत को जुताई कराना। जिस पर हेमंत के छोटे भाई और पिता अचानक आवेश में आ गए और हेमंत को अश्लील गाली-गलौज कर हाथ मुक्के से मारपीट कर छोटे भाई अक्षय डड़सेना ने जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से हेमंत के सिर पर वार कर दिया। जिससे उसके सिर से खून बहने लगा, चिल्लाते हुए घर से बाहर निकलकर उसने जान बचाई। मामले की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भादवि धारा 294, 323, 34, 506 अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

पिता से मारपीट, जान की धमकी

दूसरी घटना बसना थानांतर्गत ग्राम अरेकेल की है, जहाँ एक पिता ने पुत्र को कहीं काम करने जाया करो, फालतू घूमते रहते हो कहा तो पुत्र ने गाली-गलौज कर पिता से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार अरेकेल निवासी सिरधर यादव 11 जून की रात 8.30 बजे अपने पुत्र बंटी यादव से कहा कि कहीं काम करने जाया करो फालतू घूमते रहते हो बाइक की किश्त मुझे ही जमा करनी पड़ रही है। जिस पर उसका पुत्र बंटी यादव ने गाली-गलौज कर मारपीट की, पश्चात बेटे ने अपने पिता को जान से मारने की धमकी देकर चुड़े से मारपीट की, जिससे उसे चोट आई है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पुत्र के विरूद्ध धारा 294, 323, 506 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

चाची पर टंगिया से जानलेवा हमला

तीसरी घटना भंवरपुर चौकी अंतर्गत ग्राम बेलटिकरी की है यहाँ भतीजे ने अपनी चाची पर टगिया से जानलेवा हमला कर दिया। चौकी प्रभारी विनोद कश्यप ने बताया कि ग्राम बेलटिकरी निवासी कपूरचंद बरिहा 10 जून की रात अपने घर के बाहर बैठा था। तब उसका भाई का बेटा रवि बरिहा अपने घर से निकला और उसके परिवार वालों को बोलने लगा कि तुम लोगों को मैं तुम्हें यहां नहीं रहने दूंगा कहकर झगड़ा करने लगा व गाली गलौज कर सबको जान से मार दूंगा कहकर घर अंदर गया। बाद कपूरचंद पत्नी अमृत कुंवर व बेटी मीना बरिहा व बेटा विकास बरिहा जलसिंग बरिहा के घर चले गये। करीब 10:30 बजे टगिया रखकर जलसिंग के घर आया, तब कपूरचंद उसकी पत्नी व बेटी तीनों एक खाट में बैठे थे, तब रवि ने टंगिया से अमृत कुंवर बरिहा पर जानलेवा हमला कर दिया। चोट आने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।