स्वास्थ्य सेवाओं की नई दस्तक

पहली बार डोड़ी तुमनार (कुयेम गुमपुर) पहुंचे जिला स्तरीय अधिकारी, दुर्गम क्षेत्र में लगा स्वास्थ्य जांच शिविर

बीजापुर – जिले के अतिदुर्गम एवं पहुंचविहीन क्षेत्र डोड़ी तुमनार (कुयेम गुमपुर) में पहली बार जिला स्तर के अधिकारी पहुंचे। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान 2026 के तहत आज 15 मई 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं।विकासखंड बीजापुर अंतर्गत आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य अभियान में स्वास्थ्य जांच दल द्वारा ग्रामीणों की व्यापक जांच की गई। शिविर में लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर, ऊंचाई एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। गर्भवती माताओं की विशेष जांच एवं उपचार के साथ शिशुओं का टीकाकरण भी किया गया।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीबी एवं कुष्ठ रोग से संदिग्ध मरीजों की पहचान कर उनकी जांच की। साथ ही अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार भी किया गया। गंभीर रोगों से ग्रसित मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने हेतु एंबुलेंस सुविधा प्रदान कर उन्हें जिला चिकित्सालय बीजापुर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।दुर्गम क्षेत्र में पहली बार जिला स्तरीय अधिकारियों के पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से शासन द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कर रही है, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों में भरोसा और जागरूकता भी बढ़ा रही है।