वाहन की चपेट में घायल हुआ चीतल। 

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – ग्राम झलप के पास चिरको मार्ग पर एक चीतल अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गया। घटना के बाद उपचार के दौरान घायल चीतल की मौत हो गई। घटना के बाद करीब 2 घंटे तक जिम्मेदार वन विभाग के अधिकारियों ने किसी का भी मोबाइल अटेंड नहीं किया। लिहाजा ग्रामीण अपने सामर्थ्य के अनुसार चीतल की सेवा में लगे रहे। बता दें कि इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी का असर मानव के अलावा पक्षियों व वन्य प्राणियों पर भी व्यापक रूप से पड़ रहा है। पानी की तलाश में भटकते वन्यप्राणी आबादी की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे वे दुर्घटना के शिकार भी हो रहे हैं। सोमवार शाम करीब 5 बजे रायतुम जंगल की ओर से पानी की तलाश करता एक चीतलों का झुंड झलप के समीप चिरको मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर रहा था कि एक चीतल अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शी घायल चीतल देखकर लगातार 112 व वन अफसरों को कॉल करते रहे, पर किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं किया। लिहाजा वे चीतल को बचाने अपने स्तर पर जुट रहे। बता दें कि करीब सप्ताहभर पूर्व ही पिथौरा के पास श्रेणी वन का वन्यप्राणी भालू भी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मारा गया था। बहरहाल, शहरों व ग्रामीण क्षेत्रों में इस भीषण गर्मी से निपटने लगातार पानी की व्यवस्था स्थानीय प्रशासन द्वारा की जा रही है, पर भारी भरकम बजट के बाद भी वन विभाग वन्य प्राणियों के लिए वनों में पानी की व्यवस्था नहीं कर पा रहा है।