सांसदों में सर्वाधिक मतों के अंतर से जीतने का रिकॉर्ड भी रूपकुमारी के नाम ।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद – महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के लिए दूसरे चरण के अंतर्गत 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। लोकसभा अंतर्गत आठ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी और कांग्रेस प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू सहित कुल 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। चुनाव में लोकसभा क्षेत्र के कुल 17 लाख 62 हजार 477 मतदाताओं में से 13 लाख 22 हजार 125 मतदाताओं ने मतदान किया था। मंगलवार को हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी को कुल 7 लाख 3 हजार 659 वोट और कांग्रेस के ताम्रध्वज साहू को कुल 5 लाख 58 हजार 203 वोट

कांग्रेस विधायक क्षेत्र में नहीं दिला पाए कांग्रेस को बढ़त

उल्लेखनीय है कि गत विधानसभा चुनाव में लोकसभा महासमुंद क्षेत्र की आठ विधानसभा में से सरायपाली, बिन्द्रानवागढ़, खल्लारी और धमतरी में कांग्रेस के विधायक है बावजूद वे इन विधानसभा से अपनी पार्टी के प्रत्याशी को बढ़त नहीं दिला पाए। रूपकुमारी चौधरी को धमतरी से सबसे अधिक कुल 37006 वोटों की बढ़त मिली। वहीं बिन्द्रानवागढ़ से 27864, सरायपाली से 8334 और खल्लारी विधानसभा से 606 की बढ़त मिली।

भाजपा ने मनाई खुशियां, बांटी मिठाई

भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी की बढ़त देख भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न त मनाने की तैयारी शुरू कर दी। शाम करीब साढ़े पांच बजे श्रीमती चौधरी भाजपा कार्यालय पहुंचीं जहाँ उनका भव्य स्वागत के बाद उन्हें मिठाई खिलाई गई। इस दौरान सांसद चुन्नीलाल साहू, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक संपत अग्रवाल, भाजपा प्रभारी जिला और अध्यक्ष संजय शर्मा, पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में पार्टीजन उपस्थित थे।

पोस्टल बैलेट में भी रूपकुमारी को मिली बढ़त

मालूम हो मतगणना स्थल पर सबसे पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना शुरू हुई। रूपकुमारी को 2368 वोट और ताम्रध्वज साहू को 1439 वोट मिले। शेष 15 प्रत्याशियों को 100 वोट मिले हैं। कुल पोस्टल बैलेट में 361 अमान्य और 39 नोटा में गया है।

बसना से सबसे कम बढ़त

मालूम हो कि वर्तमान में बसना, महासमुंद, राजिम और कुरूद विधानसभा में भाजपा के विधायक है। बसना ही एक ऐसा विधानसभा क्षेत्र है जहाँ से रूपकुमारी को मात्र 1888 की बढ़त मिली। वहीं सबसे अधिक कुरूद से 24929, राजिम से 22144, महासमुंद से 21755 की बढ़त मिली है।

आंकड़ों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी को पूरे आठ विधानसभा क्षेत्र से सबसे अधिक वोट धमतरी से मिले। यहाँ से रूपकुमारी को 100130 वोट मिले बिन्द्रानवागढ़ से 100100, राजिम से 94614, कुरूद से 91000, बसना से 81990, महासमुंद से 81662, सरायपाली से 78324 और खल्लारी से 73471 वोट मिले। श्रीमती चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 1 लाख 45 हजार 456 मतों के अंतर से पराजित किया। शेष सभी 15 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। श्रीमती चौधरी को कुल मतदान का 53.06 प्रतिशत मत और ताम्रध्वज साहू को 42.09 प्रतिशत मत प्राप्त हुए।26 अप्रैल को मतदान सम्पन्न होने के बाद मंगलवार 4 जून की सुबह आठ बजे महासमुंद जिले की चार बसना, महासमुंद, खल्लारी और सरायपाली विधानसभा सीटों की मतगणना नई कृषि उपज मंडी में शुरू हुई। इसी तरह धमतरी व कुरूद विधानसभा की गणना धमतरी तथा राजिम व बिन्द्रानवागढ़ की गणना गरियाबंद में शुरू हुई। देर शाम चुनाव परिणाम घोषित हुआ और भाजपा की रूपकुमारी चौधरी को विजयी घोषित करते हुए उन्हे प्रमाण पत्र सौंपा गया।

जीत जनता व कार्यकर्ताओं को समर्पित : रूपकुमारी

यह जीत क्षेत्र की जनता, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को समर्पित है, जिनके अथक परिश्रम का यह परिणाम है। निश्चित तौर पर मेरा मुकाबला कांग्रेस के बड़े नेता से था पर जनता ने भाजपा पर विश्वास कर अपना आशीर्वाद मुझे दिया है। जीत ने मुझे शक्तिशाली बनाने के साथ-साथ आमजन और क्षेत्रवासियों के लिए जिम्मेदारी और बढ़ा दी है। धमतरी में मेडिकल कॉलेज, महासमुंद में सिंचाई परियोजना, रोजगार, रेल्वे विस्तारीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी साथ ही लोकसभा के पूर्ण विकास कार्य के लिए कृत संकल्पित हूं – रूपकुमारी चौधरी, नव निर्वाचित सांसद-महासमुंद