भाजपा सरकार ने शराब से कमाई का लक्ष्य बढ़ाया- विनोद चन्द्राकर।

सरकार ने शराब से 11 हजार करोड़ कमाने का रखा लक्ष्य कांग्रेस शासन में करते थे शराबबंदी की मांग नवभारत कार्यालय ।

प्रमोद दुबे 

महासमुंद :- पूर्व संसदीय सचिव व पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल के दौरान प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर हल्ला मचाने वाले भाजपाई आज मौन साधे बैठे हैं। साय सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष के लिए शराब से 11 हजार करोड़ रुपए का राजस्व वसूली का लक्ष्य रखा है।

अहाता के लिए जो दरें तय की गई थी, उनसे पांच गुना अधिक राशि पर टेंडर निकाला गया है। श्री चंद्राकर ने विज्ञप्ति में कहा कि कांग्रेस शासन काल में सभी भाजपाई प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की मांग कर रहे थे। अब जब प्रदेश में उनकी (भाजपा) सरकार है। तब उन्हें किस बात का इंतजार है। केंद्र व प्रदेश में डबल इंजन की सरकार वालों को तत्काल प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी करनी चाहिए। लेकिन, शराब से कमाई का लक्ष्य बढ़ाकर तथा दुकानों में शराब की वेरायटी बढ़ाकर प्रदेश में पहले से और अधिक शराब बिक्री का लक्ष्य भाजपा ने रखा है। श्री चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने ही पूर्व मंत्री, विधायकों की बात को अनसुना कर रहे हैं। 29 जनवरी 2024 को रायपुर के इनडोर स्टेडियम में आयोजित कंवर महोत्सव में भाजपा के पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर ने सभा को संबोधित करते हुए सीएम साय के समक्ष कहा था कि महिलाएं उनसे शराबबंदी की मांग को लेकर मिलने पहुंचती हैं, तो उनका सर शर्म से झुक जाता है। पूर्व गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से प्रदेश में तत्काल पूर्ण शराबबंदी को लेकर कदम उठाने की मांग की थी। लेकिन, सीएम विष्णुदेव साय ने उनकी बातों को अनसूना कर दिया, तथा अपने भाषण में शराबबंदी का जिक्र तक नहीं किया था।