छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी संस्कृति परंपरा और अस्मिता की पहचान है

फिंगेश्वर :–शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजली में महतारी भाखा सम्मान दिवस मनाया गया.इस कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी व मां सरस्वती के पूजा अर्चना के साथ किया गया. इस अवसर पर व्याख्याता दिनेश कुमार साहू ने कहा कि प्रतिवर्ष 28 नवंबर को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस मनाया जाता है.जिस व्यक्ति को अपनी मातृभाषा पर गर्व होता है वह अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़ा रहता है. हमें दूसरी भाषाओं का भी सम्मान करना चाहिए लेकिन अपनी मातृभाषा को कभी नहीं भूलना चाहिए.व्याख्याता पूरन लाल साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा केवल बोली नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की माटी की खुशबू, लोकजीवन की मिठास और हमारी सांस्कृतिक पहचान है. इस भाषा में ददरिया की मिठास,पंथी की ऊर्जा,सुवा गीतों की मधुरता और लोककथाओं की समृद्ध विरासत समाहित है. अतः छत्तीसगढ़ी भाषा हमारी संस्कृति परंपरा और अस्मिता की पहचान है. व्याख्याता संतोषी गिलहरे ने कहा कि हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व करना चाहिए और इसे अपने दैनिक जीवन में अधिक से अधिक उपयोग करना चाहिए. छत्तीसगढ़ी भाषा में लोक ज्ञान, पारंपरिक संस्कार और जीवन के व्यावहारिक अनुभवों का विशाल भंडार है. इस अवसर पर व्याख्याता दिनेश कुमार साहू, पूरन लाल साहू,विनय कुमार साहू, नरेंद्र कुमार वर्मा, योगेश सोनकर,रेखा सोनी,गीतांजली नेताम, संतोषी गिलहरे, शिक्षक नकुल राम साहू व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.