कांग्रेस से प्रत्याशी रहे अधिवक्ता रमेश सिंह ने प्रेस वार्ता में लगाया आरोप।

सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी :- कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव,पूर्व विधायक गुलाब कमरो,मनेन्द्रगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अधिवक्ता रमेश सिंह ने पत्रकार वार्ता लेकर कांग्रेस से विधायक रहे डॉ विनय जायसवाल पर पार्टी विरोध में कार्य करने का आरोप लगाया है।इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने बड़े नेताओं के विरुद्ध टीका टिप्पड़ी करने वाले कांग्रेसी नेताओं पर पार्टी हाईकमान से कार्यवाही की मांग भी की।साथ ही स्थानीय स्तर पर पार्टी के साथ गद्दारी करने वाले लोगों पर भी कार्यवाही करने की बात कही। इस दौरान अधिवक्ता रमेश सिंह ने पूर्व विधायक पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि कबाड़ शराब व सटोरियों के मामले में डॉ विनय जायसवाल बदनाम थे, इसलिए उनकी टिकट काटी गई।साथ ही यह भी कहा कि चन्दन यादव को सात लाख रु देने का आरोप निराधार है,यदि रु दिए थे तो उस समय क्यों नहीं बोले।
अधिवक्ता रमेश सिंह के निवास में आयोजित प्रेस वार्ता में मनेंद्रगढ़ विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अधिवक्ता रमेश ने कांग्रेस के पूर्व विधायक डॉ विनय जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डॉक्टर विनय जायसवाल ने खुलेआम भारतीय जनता पार्टी का काम किया है,उन्हें तत्काल पार्टी से निकालना चाहिए नहीं तो पार्टी कभी इस क्षेत्र में मजबूत नहीं होगी।वहीं भरतपुर विधानसभा से कांग्रेस के विधायक रहे गुलाब कमरों ने भी डॉ विनय पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के उम्मीदवार के लिए राशि की व्यवस्था की साथ ही पार्टी के विरोध में खुलकर काम किया।कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने इस मौके पर कहा कि जिस तरह से डॉक्टर विनय जायसवाल ने उन पर आरोप लगाए वह पूरी तरह से गलत है डॉ विनय जायसवाल ने जिस तरह का कार्य विधानसभा चुनाव के दौरान किया है वह पूरी तरह से पार्टी विरोधी गतिविधि में आता है और उन्हें तत्काल कांग्रेस से बाहर निकलना चाहिए और जिस तरह से वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ अनर्गल बयान बाजी कर रहे हैं वह पूरी तरह से निंदनीय है।