
महासमुंद :- विधानसभा निर्वाचन 2023 के परिप्रेक्ष्य में जिले के चारों विधानसभाओं के लिए नियुक्त सहायक व्यय प्रेक्षक एवं व्यय अनुवीक्षण समिति का प्रशिक्षण आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने कहा कि व्यय लेखा समिति का कार्य बहुत ही सावधानी से करना है। विभिन्न माध्यमों से जो भी सूचनाएं आप तक पहुंचेगी उनका समय पर विधिवत् लेखांकन करना होगा। इस प्रशिक्षण में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस. आलोक, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू ने भी सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला मास्टर ट्रेनर तोषण गिरी गोस्वामी पॉवर पॉईंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि सहायक व्यय प्रेक्षक भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त किए गए व्यय प्रेक्षक के निर्देशन में कार्य करता है। वहीं लेखा टीम द्वारा विभिन्न माध्यमों जैसे वीडियो निगरानी टीम, वीडियो अवलोकन टीम, एसएसटी, एफएसटी, एमसीएमसी आदि के द्वारा प्राप्त सूचनाओं के आधार पर प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए रखे गए छाया प्रेक्षण रजिस्टर में व्ययों का लेखा किया जाएगा। नामांकन तिथि से मतदान दिवस तक कम से कम दो बार प्रत्येक अभ्यर्थियों को अपने व्यय रजिस्टर की जांच बिल वाउचर सहित लेखा टीम से कराना होगा तथा परिणाम घोषणा के 30 दिवस के अंदर सार संलग्नक के साथ अंतिम जांच के लिए उपस्थित होना होगा। छाया प्रेक्षण रजिस्टर में उम्मीदवारों द्वारा किए गए जनसभा, रैली, विज्ञापन, पोस्टर, बैनर, वाहन आदि के समस्त व्ययों को लिखा जाएगा। वीडियो निगरानी टीम द्वारा अभ्यर्थियों के द्वारा आयोजित सभा रैली आदि का वीडियो बनाया जाएगा। जिसे वीडियो अवलोकन टीम द्वारा सूक्ष्मता से जांच कर लेखा समिति के पास क्यू सीट भरकर जमा किया जाएगा।
