कैथल-कृष्ण प्रजापति

कैथल/हरियाणा :- आशा वर्करों द्वारा 39 दिन से जारी हड़ताल का समर्थन करते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा ब्लॉक पुंडरी में प्रदर्शन किया गया, जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान कृष्ण करोड़ा ने की और मंच का संचालन ब्लॉक कैशियर सतीश ने किया। आशाओं ने प्रदर्शन करते हुए तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष सुषमा जड़ौला ने बताया कि प्रदेश में आशा वर्कर पिछले 39 दिनों से लगातार हड़ताल पर हैं। प्रतिदिन शहरों व कस्बों में धरने और प्रदर्शनों के माध्यम से अपनी मांगों को उठा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आशा वर्कर्स बहुत ही कम मानदेय पर काम करती हैं जिससे परिवार का पालन पोषण करना तो दूर की बात है, खुद का ही गुजारा भी नहीं किया जा सकता है। जड़ौला ने कहा कि विभाग के बहुत सारे कार्य आशा वर्करों के माध्यम से लिए जाते हैं। गर्भवती महिलाओं का हर स्तर पर ध्यान रखना व बच्चों का ठीक से जन्म होने तक और उसके बाद टीकाकरण आदि का ख्याल रखना इनका कार्य है परंतु इतने महत्वपूर्ण कार्य करते हुए भी आशा वर्करों को बहुत ही कम मानदेय मिलता है जोकि आज के समय में पर्याप्त नहीं है। कर्मचारी नेताओं ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ब्लॉक पुंडरी के कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शन करते हुए यह मांग की गई कि सरकार अपने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे को सार्थक करे क्योंकि सभी आशा वर्कर महिलाएं हैं और महिलाएं इतने दिनों से हड़ताल करने को मजबूर की जा रही हैं, जोकि बहुत ही निंदनीय और अशोभनीय है। उन्होंने कहा कि आशा वर्करों की हड़ताल व उनकी मांगों का बातचीत के माध्यम से समाधान करते हुए शीघ्र निपटारा किया जाए अन्यथा सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा आशा वर्करों की हड़ताल का हर प्रकार से सहयोग करेगा। इस दौरान सरपंच एसोसिएशन ने आशाओं की हड़ताल को 11 हजार रुपये की सहयोग राशि भी भेंट की। इस मौके पर आशा वर्कर यूनियन की जिला सचिव मेनका शर्मा, प्रधान ममता सिरसल, ब्लॉक सचिव सुदेश पाई, रानी, रीटा हाबड़ी, अनीता पाई, सुमन रमाना, रोशनी हजवाना व अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
