सेवा संकल्प अभियान के तहत बिजली स्कूल में आशीर्वाद दीप जलाए गए

फिंगेश्वर :— सेवा, संस्कार और सकारात्मक सोच के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजली में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद के दीप शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के द्वारा जलाए गए . इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रभारी पूरन लाल साहू ने सेवा संकल्प अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक चलेगा .जिसके तहत रंगोली, भाषण, चित्रकला सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने आगे बताया कि जिस प्रकार एक दीपक स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है.इस प्रकार हमें भी अपने ज्ञान,समय और सामर्थ्य का उपयोग समाज की भलाई के लिए करना चाहिए. दीप छोटा हो सकता है लेकिन उसका प्रकाश बहुत दूर तक जाता है.इस तरह एक अच्छा विचार,एक अच्छा व्यवहार और एक छोटी सी सेवा किसी के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकती है. दीप से दीप जलाएं और सेवा से समाज को जोड़ें. यही सेवा संकल्प अभियान की सार्थकता है. प्राचार्य राम नारायण मिश्रा ने कहा कि दीप केवल मिट्टी और तेल से नहीं जलता बल्कि इसके पीछे त्याग, सेवा और सद्भाव की भावना होती है. विद्यार्थियों के द्वारा जलाया गया प्रत्येक दीप समाज में सकारात्मक विचारों और संस्कारों का प्रकाश फैलाने का संदेश देगा. इस मौके पर व्याख्याता दिनेश कुमार साहू,विनय कुमार साहू, नरेंद्र कुमार वर्मा, योगेश सोनकर, गीतांजलि नेताम,सत्या मिश्रा, क्लर्क दुष्यंत साहू तोमन राम साहू,भृत्य आकाश सूर्यवंशी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.