कैटरपिलर कैटलॉग से लेकर श्रवण यंत्र तक का वितरण किया गया
कांकेर – गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के जीवन को सुगम और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा पात्रतानुसार निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिला कार्यालय समाज कल्याण विभाग, कांकेर द्वारा जिले के दूरस्थ क्षेत्रों पखांजूर, बांदे सहित अन्य क्षेत्रों से आने वाले आवेदकों को मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।
मेडिकल प्रमाण पत्र जारी होने के बाद यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीयन, पेंशन अपडेट, राशन कार्ड तथा अन्य आवश्यक पंजीयन संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में जरूरत के अनुसार हितग्राहियों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
ग्राम अन्हुर निवासी दुलारी मंडावी और देविका दर्रो को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार अखिलेश्वर कुमार सलाम एवं होमेश्वर कुमार को भी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
समग्र शिक्षा विभाग के माध्यम से तीन विद्यार्थियों के यूडीआईडी कार्ड एवं सहायक उपकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। विभाग द्वारा पात्रता एवं आवश्यकता के आधार पर आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
सहायक उपकरण मिलने से हितग्राहियों को दैनिक जीवन के कार्यों में सुविधा मिलने के साथ-साथ शिक्षा एवं अन्य गतिविधियों में भी सहायता मिलेगी। सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जिला प्रशासन कांकेर के प्रति आभार व्यक्त किया।
