
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ः- नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय विजय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल में बालिकाओं की आम एवं विशेष समस्याओं पर सेमिनार का आयोजन किया गया।सेमिनार का आरम्भ सरस्वती वंदना के साथ किया गया।कार्यक्रम के आरम्भ में संस्था की शिक्षिका पूनम सोरेन के द्वारा कार्यक्रम में आये हुए अतिथियों एवं सदस्यों का परिचय दिया गया।संस्था की प्रधानपाठिका कनक सिंह एवं संस्था की वरिष्ठ शिक्षिका अरूणिमा सिंह के द्वारा मुख्य अतिथि ला0 एम0 करन एवं अध्यक्षा ला0 सिमी जैन का स्वागत तिलक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया।अन्य सभी सदस्यों का स्वागत संस्था के विद्यार्थियों ने तिलक लगाकर किया।लायन्स क्लब मनेन्द्रगढ़ के द्वारा बालिकाओं के द्वारा सामना किये जाने वाले विभिन्न प्रकार की मानसिक एवं शारीरिक समस्याओं को लेकर इस सेमिनार का आयोजन किया गया था। जिसमें बच्चियों को उनके जीवन में आने वाली विभिन्न प्रकार की शरीरिक एवं मानसिक समस्याओं की जानकारी देते हुए उनसे किस प्रकार बचा जा सके इस पर बच्चियों को विशेष जानकारी प्रदान की गयी।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ला0 एम0 करन ने बच्चियों को बताया कि उन विशेष दिनों को लेकर कोई गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए,यह एक सामान्य शरीरिक प्रक्रिया है पर इन दिनों अपने स्वास्थ्य एवं अपने खानपान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।साथ ही मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्राओं से व्यक्तिगत रूप से उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी भी ली। उन्होनें विद्यालय विजय इंग्लिश मीडियम स्कूल की बच्चियों से कहा कि यदि आप लोगों को इस प्रकार की कोई भी शारीरिक समस्या होती है तो आप बेहिचक मुझसे सम्पर्क कर सकती हैं।सचिव ला0 ममता राणा ने कहा कि एक दौर था जब हम अपनी समस्याओं को किसी से बता नहीं सकते थे और मानसिक रूप से परेशान रहते थे,लेकिन आज का समय इतना विकसित हो चुका है कि हम अपनी समस्याओं को आपस में साझा कर सकते हैं और इस प्रकार के कार्यक्रम से हम सभी को सहयोग भी मिलता है। आप सभी बच्चियाॅ आज के इस सेमिनार में दी गयी जानकारियों का पालन कीजिए।अध्यक्षा ला0 सिमी जैन ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लायन्स क्लब मनेन्द्रगढ़ के द्वारा इस प्रकार के कार्यक्रम को आयोजित करने में विद्यालय ने जो रूचि दिखाई और सहयोग दिया उसके लिए विद्यालय परिवार व विद्यालय प्रबंधन प्रसंशा का पात्र है।उन्होनें भी बच्चियों को किसी भी प्रकार की शारीरिक व मानसिक परेशानी के कारण हीन भावना से ग्रसित होने की बजाय अपनी शिक्षिकाओं, माताओं, बड़ी बहनों को उससे अवगत कराने,समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के साथ ही बच्चियों को अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की बात कही।लायन्स क्लब मनेन्द्रगढ़ के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ला0 एम0 करन, अध्यक्ष ला0 सिमी जैन, सचिव ला0 ममता राणा, ला0 पूजा श्रीवास्तव, ला0 सोमा आचार्या, ला0 संगीता शर्मा, ला0 अंशु अग्रवाल, ला0 अल्पा अग्रवाल, ला0 प्रियंका अग्रवाल, ला0 मित्ती रैना, ला0 सुधा सोनी उपस्थित रहे।
