
मुड़ागांव(कोरासी) :- मोर्चा के बैनर तले 1.80 लाख एलबी शिक्षक 31 से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल, स्कूलों में लटकेंगे ताले l पूर्व सेवा गणना कर वेतन विसंगति दूर करते हुए क्रमोन्नत वेतनमान और 20 वर्ष सेवा में पूर्ण पेंशन की मांग कांग्रेस पार्टी के द्वारा 2018 के विधानसभा चुनाव के जन घोषणापत्र में किए गए वायदे को पूरा कराने के लिए प्रदेश के 1 लाख 80 हजार एलबी संवर्ग शिक्षकों ने मोर्चा गठित कर लिया है, जो पूर्व सेवा गणना कर प्रथम नियुक्ति तिथि से वेतन विसंगति दूर करते हुए क्रमोन्नत वेतनमान और 20 वर्ष की सेवा में पूर्ण पेंशन देने की मांग को लेकर 31 जुलाई से अनिश्चित कालीन हड़ताल करेंगे। इस हड़ताल से स्कूलों में तालाबंदी की स्थिति निर्मित हो जायेगी। आन्दोलन को सफल बनाने के लिए इस एलबी शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने पेण्ड्रा में बैठक आयोजित किया। इसमें रणनीति बनी कि जिले के सभी एलबी शिक्षक हड़ताल में शामिल होकर अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। बैठक में बताया गया कि अनिश्चित कालीन हड़ताल की सूचना शासन प्रशासन को काफी पहले से दे दिया गया है उसके बावजूद भी एलबी शिक्षकों की ड्यूटी सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो एलबी शिक्षक 31 जुलाई से सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण नहीं करेंगे। इस संबंध में पूर्व में दिए गए ज्ञापन को संलग्न करके प्रशासन को पुनः ज्ञापन सौंपा जाएगा। बता दें कि प्रदेश में एलबी संवर्ग शिक्षक मोर्चा गठित किया गया है जिसके प्रदेश संचालक टीचर्स एसोसिएशन प्रांताध्यक्ष संजय शर्मा, सहायक शिक्षक फेडरेशन प्रांताध्यक्ष मनीष मिश्रा, शालेय शिक्षक संघ प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र दुबे, नवीन शिक्षक संघ प्रांताध्यक्ष विकास राजपूत, प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ प्रांताध्यक्ष केदार जैन के नेतृत्व में 18 जुलाई को हजारों शिक्षकों ने रायपुर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया था। उसके बावजूद भी सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया है इसलिए वो 31 जुलाई से ब्लाक एवं जिला स्तर में धरना प्रदर्शन कर अनिश्चित कालीन हड़ताल करेंगे। बैठक में जिला जीपीएम के जिला संचालक प्रदीप पांडेय, सर्वेश शर्मा विनोद सिन्हा संतोष साहू धन्नजय वर्मा त्रिलोक सेन संजय महाडीक हेमंत विश्वकर्मा विकाश शुक्ला दीनबंधु वैष्णव धमेंद्र चंद्राकार रोहित नेताम रितेश मिर्झा उपस्थित रहे।
