*भगवान राम ने पग-पग नापकर छत्तीसगढ़ को निहाल किया – अशोक बजाज*
ग्राम खोल्हा में त्रिदिवसीय मानस सम्मेलन संपन्न
नवापारा राजिम / समीपस्थ ग्राम खोल्हा में आयोजित तीन दिवसीय मानस गान सम्मेलन में पहुंचे जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज ने कहा कि रामचरितमानस भगवान राम के त्याग, तपस्या एवं बलिदान की प्रेरक कथा है जो हमें ज्ञान और भक्ति के मार्ग की ओर चलने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि राम की भक्ति ही राष्ट्र की शक्ति है. भगवान राम ने वनवास काल का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में व्यतीत किया तथा यहां की कला, संस्कृति और भक्ति से प्रभावित हुए। हमें गर्व है कि भगवान राम ने छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग से दक्षिणी भाग तक पग पग चलकर इस धरती को निहाल किया है. उन्होनें ग्रामवासियों को रामजन्म भूमि अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण में मुक्त हस्त से समर्पण के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर श्री बजाज ने कोरोना महामारी की भयावह स्थिति पर आगाह करते हुए उपस्थित जनसमुदाय से कोरोना टीकाकरण में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने कोरोना वैक्सीन की तुलना हनुमान जी की संजीवनी बूटी से करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि वैक्सीन लगाने से कोई व्यक्ति छूटे मत और ना कोई चुके मत और ना ही कोई वंचित रहे. उन्होंने वैक्सीन के दुष्प्रभाव संबधी अफवाहों को पूरी तरह बेबुनियाद बताते हुए कहा कि है भारत में बने कोरोना वैक्सीन की मांग आज पूरी दुनिया में है, उन्होंने आगे कहा कि कोरोना से जंग अभी समाप्त नहीं हुआ है अतः इससे बचने के लिए वांछित सावधानी आवश्यक है। इस अवसर पर सरकारी समिति अभनपुर के अध्यक्ष प्रदीप शर्मा, सरस्वती शिशु मंदिर के पूर्व अध्यक्ष दीनबंधु मिश्रा भी उपस्थित हुए। त्रिदिवसीय मानस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों से प्रसिद्ध मंडलियों ने भाग लिया।
