सामुदायिक आउटरीच प्रोग्राम के तहत प्रेम नगर एरिया में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशे के खिलाफ किया गया जागरूक l 

करनाल-बिंदर शर्मा इंद्री

करनाल :- हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री ने 1 जून 2023 से प्रदेश भर में सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम की घोषणा की है। सामुदायिक जुड़ाव को मजबूत करने और प्रशासन व जनता के बीच बेहतर संबंध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इस आउटरीच प्रोग्राम के तहत जिला करनाल सहित प्रदेश भर में समय-समय पर विभिन्न प्रोग्राम जैसे नशे के खिलाफ अभियान, साइकिल रैली व विभिन्न प्रकार के खेल आदि आयोजित करवाए जाएंगे। इसी “आउटरीच प्रोग्राम” व “नशा मुक्त भारत” अभियान के तहत करनाल पुलिस द्वारा आज शहर के प्रेम नगर एरिया में लोगों को नशे के खिलाफ व नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रेम नगर के सामुदायिक केंद्र में सुबह करीब 10 बजे से शुरू होकर करीब 2 घंटे चले इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को विभिन्न प्रकार के नशे के से बचाव हेतु विस्तार से जानकारी दी गई, नशा करने व नशा बेचने से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में गहनता से चर्चा की गई और किस प्रकार लोग नशा छोड़ सकते हैं

या नशे को त्याग सकते हैं, इस बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के शुरू होने से पहले उम्मीद पाठशाला से जुड़े बच्चों द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशा छोड़ने व नशा ना बेचने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान उप पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक करनाल श्री नायब सिंह द्वारा लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करते हुए बताया कि नशा एक बुराई है और इस बुराई से लडऩे के लिए समाज के सभी लोगों को एकजुट होना होगा। तभी हम इस अभिशाप को जड़ से खत्म कर सकते है। नशा शरीर के लिए जहां खतरनाक है, वहीं अपराध का भी मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि अनेकों युवा जो नशे में किसी कारणवश धंस जाते हैं और फिर उस नशे की पूर्ति के लिए वह कोई भी आपराधिक वारदात करने से कतई नहीं हिचकिचाते। नशा मुक्त व अपराधमुक्त समाज की स्थापना के लिए हम सभी को मिलकर कदम उठाने होंगे, तभी यह मुहिम सार्थक होगी। उप पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि जिला पुलिस लगातार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है, मगर लोगों में नशा के खिलाफ जागरूकता पैदा करने तथा इस अभियान की शत प्रतिशत सफलता के लिए जन सहयोग अति आवश्यक है। उन्होंने बताया कि करनाल पुलिस नशा सप्लायरों पर भी लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। करनाल पुलिस द्वारा वर्ष 2022 में 280 मामलों में 357 आरोपियों व वर्ष 2023 में अब तक 83 मामलों में 109 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिनके कब्जे से भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार के प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए जा चुके हैं। इस दौरान कार्यक्रम में शिरकत करने वाले अतिथियों ने भी अपने अपने तरीके से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया और नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस कार्यक्रम में बतौर अतिथि राजेश अग्गी सीनियर डिप्टी मेयर करनाल, डॉ राजेश कुमार डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी पानीपत, डॉक्टर मदन गुप्ता नागरिक अस्पताल करनाल, डॉक्टर संदीप सोनी माइंड केयर अस्पताल, विकास यादव सामाजिक कार्यकर्ता, जयकरण उम्मीद पाठशाला, बिट्टू पार्षद वार्ड नंबर 18 व जिला पुलिस से निरीक्षक दर्शन सिंह प्रबंधक थाना ट्रैफिक, भलाई निरीक्षक गुरनाम सिंह, निरीक्षक सुभाष सिंह, उप निरीक्षक जगबीर सिंह थाना प्रबंधक रामनगर, प्रवाचक डीएसपी ट्रैफिक एएसआई कुलदीप सिंह, प्रवक्ता करनाल पुलिस हेड कांस्टेबल भरत लाल, अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में आसपास के एरिया के करीब 450 लोगों व बच्चों ने हिस्सा लिया। करनाल पुलिस की आमजन से अपील है कि ड्रग्स के कारोबार की रोकथाम व इसमें संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिये पुलिस का सहयोग करें। कोई भी व्यक्ति जिसके पास ड्रग्स के कारोबार या इसमें संलिप्त लोगों के बारे में विश्वसनीय सूचना है तो वह व्यक्ति करनाल पुलिस के व्हाट्सएप नम्बर 85708-85704 व हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना प्राप्ती के बाद सूचना का सत्यापन कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जायेगी।