पुलिस लाइन में पुलिस कर्मचारियों व उनके परिवार के सदस्यों के हेल्थ चेक अप के लिए लगाया गया फ्री कैंप l 

करनाल:-बिन्दर शर्मा इन्द्री


करनाल :- पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन के नेतृत्व में जिला पुलिस बेहतरीन कार्य कर रही है। जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस कर्मचारी रात दिन अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन में ऐसे पुलिस कर्मचारियों के हेल्थ चेकअप के लिए सिग्नस अस्पताल करनाल के माध्यम से एक फ्री हेल्थ चेकअप कैंप लगवाया गया। इस हेल्थ चैकअप में अस्पताल के डॉक्टरों की टीम द्वारा पुलिस कर्मचारियों व उनके परिवार के सदस्यों की विभिन्न प्रकारों की बीमारियों की जांच की गई। इन जांच में शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी व अन्य प्रकार की खून की जांच शामिल थी। पुलिस अधीक्षक ने खुद पुलिस लाइन में पहुंचकर इस हेल्थ चेक अप कैंप का शुभारंभ किया और पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कर्मचारियों के स्वास्थ्य के लिए किए गए इस भलाई के कार्य के लिए डॉक्टरों की टीम ने पुलिस अधीक्षक को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस कर्मचारी रात दिन अपनी ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। जिनको अपने बीमारियों की जांच के लिए समय बड़ी मुश्किल से मिल पाता है। जिनके स्वास्थ्य की देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है। पुलिस लाइन में फ्री हेल्थ चेक अप कैंप लगवाया गया है। जिसमें पुलिस कर्मचारी बड़ी आसानी से कम समय में अपने बीमारियों की जांच करवा सकते हैं। इस दौरान जिला पुलिस के करीब 200 पुलिस कर्मचारी व उनके परिवार के सदस्यों द्वारा अपना हेल्थ चेकअप करवाया गया। इस तरह के फ्री हेल्थ चेक अप कैंप पहले भी लगवाए जाते रहे हैं और भविष्य में भी लगवाए जाते रहेंगे। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन, सिग्नस अस्पताल के डॉक्टर हामिद भट्ट अपनी टीम सहित, जिला पुलिस के सीनियर फार्मेसी ऑफिसर रणवीर सिंह व अन्य पुलिस कर्मचारी गण मौजूद रहे।