
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :-जलाशय संरक्षण महाअभियान के तहत रविवार को मनेन्द्रगढ़ के जनप्रतिनिधियों सहित महिला-पुरुष एवं युवकों की टीम ने सरोवर मार्ग स्थित सरोवर में तीन घंटा श्रमदान कर साफ-सफाई में पसीना बहाया। जल संरक्षण के इस महाअभियान में सहभागी बनने आम नागरिकों के आह्वान पर जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिनिधि, ग्रामीण महिला-पुरूष एवं युवाओं ने बड़ी संख्या मे तालाब पहुंच कर पूरी तन्मयता के साथ तालाब के चारों ओर साफ-सफाई की।

अस्तित्व खोते जा रहे सरोवर एवं हजारों धर्मावलंबियों की आस्था के केंद्र छठ तालाब में श्रमदान कर कायाकल्प करने के लिए मौजूद लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

आम नागरिको के आह्वान पर बेलचा, फावड़ा, काटा के साथ तालाब में जनप्रतिनिधियों सहित भारी संख्या मे महिला-पुरुष एवं युवकों की टीम ने तालाब में तीन घंटा श्रमदान कर साफ-सफाई कार्य में पसीना बहाया।

खासकर महिलाओं एवं युवाओं की टीम मे विशेष उत्साह नजर आया। दरअसल लम्बे समय से सरोवर की साफ सफाई के लिए नगर पालिका प्रशासन से माँग की जा रही थी लेकिन जब लोगों ने देखा कि स्थानीय प्रशासन कोई रूचि नहीं दिखा रहा तो लोगों ने खुद ही सरोवर की सफाई शुरू कर दी।
