
मगरलोड :- छत्तीसगढ़ पंचायत सचिव संघ के प्रांतीय आह्वान पर पंचायत सचिव संघ ब्लॉक शाखा मगरलोड के पंचायत सचिव अपनी एक सूत्रीय मांग विभाग में शासकीय करण समेत समस्त लाभों को लेकर विगत 16 मार्च से ब्लाक मुख्यालय मगरलोड में हड़ताल में बैठे हुए है। कर्मचारी – अधिकारी फेडरेशन ब्लॉक शाखा मगरलोड के पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति प्रदान करते हुए एक सूत्रीय मांगों के संबंध में अपना समर्थन पत्र पंचायत सचिव संघ को सौंपा। इस अवसर पर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के ब्लॉक प्रवक्ता डेवेश कुमार साहू ने कहा कि पंचायत सचिव मध्यप्रदेश शासनकाल के समय 1995 से लेकर अभी तक पंचायत विभाग में ग्राम पंचायत सचिव के रूप में अपनी सेवा देते आ रहे है तथा शासन की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं का क्रियान्वयन इनके माध्यम से हो रहा है।फिर भी अब तक विभाग में शासकीयकरण ना हो पाना बहुत ही पीड़ादायक स्थिति है। शासन अविलंब इनकी मांगों को पूरा कर शासकीयकरण करते हुए समस्त लाभों को प्रदान करे। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ब्लॉक संयोजक दयाराम साहू ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती हड़ताल में डटे रहें। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ब्लॉक कोषाध्यक्ष सियाराम कुर्रे, सह संयोजक तोमन साहू, सचिव मुकेश साहू, सह प्रवक्ता खिलेश्वर सोनबेर ने कहा कि इनकी जायज मांगों को सरकार शीघ्र पूरा करे तथा पंचायत सचिव को न्याय प्रदान करे। इस अवसर पर पंचायत सचिव संघ प्रदेश उपाध्यक्ष भुवन लाल सिन्हा, सचिव संघ जिलाध्यक्ष छबिलाल साहू, सचिव संघ ब्लॉक अध्यक्ष हेमलाल यादव, संचालक ओमप्रकाश साहू, चंपेश्वर यादव,केशव सेन, छबिराम यादव, श्यामलाल यादव समेत समस्त पंचायत सचिव धरनास्थल पर मौजूद थे।
