
राजिम :- केंद्र की नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ओबीसी समाज को सम्मान देने का काम कर रही है, जबकि राहुल गांधी ओबीसी समाज का अपमान कर रहे हैं। अब कोर्ट के निर्णय को भी गलत बताया जा रहा है। यह राहुल गांधी के खिलाफ कांग्रेस के ही कुछ नेताओं की साजिश है। ये नेता ही नहीं चाहते कि राहुल आगे आएं। नहीं तो एयरपोर्ट से गिरफ्तार कांग्रेस के प्रवक्ता खेड़ा के लिए कोर्ट से दो घंटे में जमानत ले आए और राहुल गांधी के मामले में देरी क्यों की गई। यह आरोप भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने कांग्रेसियों व राहुल गांधी पर लगाए। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति गलत हो सकता है, लेकिन उस सरनेम के सभी लोग गलत कैसे हो सकते हैं। इस मामले में राहुल गांधी माफी मांग लेते तो ओबीसी समाज उन्हें माफ भी कर देती, लेकिन वे अपनी बात पर अड़े रहे। आरोप लगाया कि राहुल की मंशा ओबीसी समाज को सम्मान देने की है ही नहीं। चंद्रशेखर साहू ने दावा किया कि मोदी सरकार में ओबीसी समाज का सम्मान बढ़ा है। केंद्र में 27 मंत्री ओबीसी समाज के हैं। समाज का यह सम्मान कांग्रेस को हजम नहीं हो रहा।
