राजिम :- अधिवक्ता संघ राजिम द्वारा तहसीलदार को हटाने हेतु कलेक्टर के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी को गत 22 फरवरी को दिया गया था जिसके आधार पर तहसीलदार को हटाने हेतु दो-तीन दिन के भीतर तहसीलदार को स्थानांतरित किए जाने का आश्वासन अधिवक्ता संघ को दिया गया था लेकिन आज 5 दिन हो जाने के बाद भी तहसीलदार के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किए जाने पर आज सोमवार को अधिवक्ता संघ राजिम द्वारा अनुविभागीय अधिकारी राजिम को ज्ञापन सौंपते हुए राजस्व न्यायालय के कार्यो से विरत रहकर एक दिवसीय आंदोलनरत थे।
अधिवक्ता संघ राजिम ने तहसीलदार पेखन टोंडरे को तत्काल हटाने व स्थानांतरित होने तक पावर लेस रखने की मांग को लेकर कलेक्टर गरियाबंद के नाम पर अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष महेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसीलदार द्वारा आम नागरिकों एवं अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है साथ ही फौती, नामांतरण एवं ऑनलाइन नामांतरण प्रमाणीकरण प्रकरण को बिना किसी विधिवत कारण के रोककर रखने, नामांतरण आदेश हेतु पैसे की मांग किया जाता है नहीं देने पर नामांतरण नहीं किया जाता है। अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष हिमांशु दुबे ने बताया कि न्यायालयों में प्रकरण की सुनवाई हेतु तहसीलदार द्वारा रुचि नहीं ली जाती है। प्रकरण के निपटारा हेतु पैसे की मांग किया जाता है उनके द्वारा सभी मामलों को लटकाकर पेंडिंग रखा जाता है। नामांतरण के प्रकरण विवादित होने के बावजूद स्वयं द्वारा विभिन्न कारण दर्शाकर ई कोर्ट प्रक्रिया में ट्रांसफर कर सुनवाई की तिथि बढ़ा दी जाती है। उक्त संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजिम के समक्ष आम पक्षकार एवं अधिवक्ताओं द्वारा मौखिक रूप से कई बार शिकायत किया जा चुका है। अनुविभागीय अधिकारी के निर्देश एवं आदेश के बावजूद भी तहसीलदार द्वारा अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में किसी प्रकार सुधार नहीं किया गया है। पक्षकार गण एवं अधिवक्ता गण पीड़ित एवं परेशान है तहसीलदार स्थानांतरित जब तक नहीं होता है तब तक उसे पावर लेस किया जाए, जिस के संबंध में 22 फरवरी को ज्ञापन दिया गया था लेकिन आज 5 दिन बीत जाने के पश्चात भी तहसीलदार राजिम के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण अधिवक्ता संघ आंदोलित होकर पुनः अनुविभागीय अधिकारी को कलेक्टर गरियाबंद के नाम ज्ञापन सौंप दिया है जिसमें उल्लेखित है कि तहसीलदार पेखन टोंडरे को पद से नहीं हटाए जाने के विरोध में अधिवक्ता संघ के द्वारा आज न्यायालयीन कार्य में एक दिन तक विरत रहने की बात कही गई है तथा आज न्यायालय में लंबित प्रकरणों को अधिवक्ताओं द्वारा उपस्थित नहीं होने के कारण तहसीलदार एवं अन्य विभागीय अधिकारी द्वारा आज की पेशी की तिथि बढ़ा दिया गया है। अधिवक्ता संघ द्वारा यह भी चेतावनी दी गई है कि 2 दिन के भीतर तहसीलदार राजिम को स्थानांतरित नहीं किया जाता है तो धरना प्रदर्शन, चक्का जाम आदि उग्र कदम उठाएंगे। अधिवक्ता संघ राजिम के अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष हिमांशु दुबे, सचिव अनुशासन साहू सहित रमाकांत दीवान, आनंद वर्धन ठाकुर, टीआर साहू, कमल नारायण साहू, मुरारी लाल साहू, अरविंद शर्मा, वाय के शर्मा, पीएल साहू, भारत लाल साहू, भुनेश्वर गोस्वामी, दानेश्वर सिंह ठाकुर, लोकेश कुमार साहू, नेमीचंद साहू, याद राम साहू, आशीष राव शिंदे, ज्ञानेंद्र सिन्हा, राजेश ठाकुर सहित अधिवक्ता गण उपस्थित थे।
