प्रबंधन की लापरवाही से नाराज छात्रों ने महाविद्यालय में जड़ा ताला। एडमिशन से वंचित हुये छात्रों ने कलेक्टर के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्यवाही की मांग।

सूरजपुर- शिक्षामंत्री प्रेमसाय सिंह के गृहजिले के भैयाथान स्थित पंडित रविशंकर त्रिपाठी शासकीय महाविद्यालय के प्रबंधन की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है जिसे लेकर विद्यालय के छात्रों ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को एवीबीपी के बैनर तले विद्यालय के छात्रों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विद्यालय में ताला जड़ दिया । बाद में प्राचार्य के आश्वासन के बाद वे शान्त हुए। वहीं अपनी समस्या को लेकर छात्रों ने कलेक्टर के नाम एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा और जांच कर कड़ी कार्यवाही  की मांग किये। दरअसल मामला छात्रों के एडमिशन का है दिए गए ज्ञापन के अनुसार वर्ष 2022- 23 में 41 छात्रों ने बीएससी द्वितीय वर्ष एवं तृतीय वर्ष में नियमित कोटा से एडमिशन कराया परंतु प्रबंधन की लापरवाही के कारण उन 41 छात्रों का एडमिशन आज तक नही हो सका है। मजबूरन छात्रों को अब प्राइवेट परीक्षा में बैठना पड़ेगा। जिससे नाराज छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों के बताये अनुसार एडमिशन के दौरान उनसे तय राशि से ज्यादा राशि भी एडमिशन के नाम पर वसूला गया है ।
छात्रों में छायी मायूसी
छात्र बताते हैं कि कॉलेज प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनका पूरा साल बर्बाद हो गया है। साथ ही नियमित कोटा से एडमिशन न होने से शासन से मिलने वाले छात्रवृत्ति से भी वंचित होना पड़ रहा है । ऐसे में गरीब परिवार से आने वाले छात्रों को आर्थिक रूप से भी काफी नुकसान हुआ है । छात्रों ने आगे कहा है कि अब शायद ही उनके समस्या का समाधान हो पायेगा, सत्र का परीक्षा भी नजदीक है ऐसे में कॉलेज प्रबंधन द्वारा नियमित कोटा में एडमिशन करने का भरोषा देना कहीं न कहीं जले में नमक छिड़कने का काम कर रहा है।
कड़ी कार्यवाही की मांग
प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने सख्त लहजे में कहा है कि महाविद्यालय के जिन-जिन कर्मचारियों के कारण उनका साल बर्बाद हुआ है , फीस के नाम पर उनसे तय राशि से ज्यादा राशि वसूली किया गया है जिनके कारण महाविद्यालय का साख खराब हुआ है ऐसे जिम्मेदार कर्मचारियों पर कड़ी कार्यवाही की जाये ताकि गरीब परिवार के छात्रों के साथ ये दुबारा इस प्रकार की पूर्णावृति न कर सकें।
प्राचार्य ने कहा, होगी कार्यवाही
इस संबंध में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य सी.बी. मिश्र ने कहा कि मेरे कार्यकाल में एडमिशन फार्म नही भरा गया है, हाल ही में मेरी पदस्थापना विद्यालय में हुई है यही कारण है कि मुझे इस विषय मे ज्यादा जानकारी नही है। छात्रों का रेगुलर एडमिशन हो जाये उसके लिए मैं प्रयासरत रहूँगा। साथ ही इस मामले में अगर विद्यालय के किसी भी स्टॉफ की लापरवाही सामने आती है तो उनपर सख्त कार्यवाही की जाएगी।